जींद को CM नायब सैनी की बड़ी सौगात: 196 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का होगा शिलान्यास
Apr 03, 2026 4:06 PM
जींद। मुख्यमंत्री के दौरे का दूसरा दिन जींद शहर के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। 5 अप्रैल को एकलव्य स्टेडियम के सामने आयोजित रैली में सीएम सैनी 15 परियोजनाओं का पिटारा खोलेंगे उद्घाटन: करीब 55.78 करोड़ की लागत से तैयार तीन प्रमुख प्रोजेक्ट्स जनता को समर्पित किए जाएंगे। इसमें सबसे बड़ा नाम हैबतपुर स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का है, जहां अब विधिवत रूप से ओपीडी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इसके अलावा सौर ऊर्जा आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं से किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
शिलान्यास: 140.87 करोड़ की लागत से 12 नई परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी। इसमें पानीपत-सफीदों-जींद मार्ग का फोरलेन निर्माण और कंडेला में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जैसे अहम प्रोजेक्ट शामिल हैं।
4 अप्रैल: सफीदों को क्या मिलेगा?
दौरे के पहले दिन यानी 4 अप्रैल को मुख्यमंत्री सफीदों की अनाज मंडी में गरजेंगे। यहां 40.45 करोड़ रुपये के बजट वाली 9 परियोजनाओं पर मुहर लगेगी।
शिक्षा और बिजली पर जोर: सफीदों के राजकीय महाविद्यालय में नए शिक्षण कक्षों का उद्घाटन होगा, वहीं पिल्लूखेड़ा में राजकीय कन्या महाविद्यालय के निर्माण की नींव रखी जाएगी। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लुदाना में 33 केवी सब स्टेशन का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा।
सुंदरीकरण: हांसी ब्रांच पर घाटों का निर्माण और ड्रेन की खुदाई जैसे कार्यों से जल निकासी और पर्यटन की दृष्टि से क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
जींद के विकास को लगेंगे पंख: ऑफिसर कॉलोनी से लेकर सैनिक सदन तक
मुख्यमंत्री के इस पिटारे में समाज के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ है। ऑफिसर कॉलोनी में 56 नए आवासीय मकानों का निर्माण हो या फिर पूर्व सैनिकों के लिए 'समेकित सैनिक सदन' का शिलान्यास, सरकार ने बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की कोशिश की है। सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट्स से जींद की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।