Search

Jind Gangrape Case: जींद में इंसानियत शर्मसार, शादी के अगले ही दिन नवविवाहिता से नंदोई और बिचौलिए ने किया दुष्कर्म

May 18, 2026 3:11 PM

जींद। हरियाणा के जींद जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली और घिनौनी वारदात सामने आई है, जिसने समाज में रिश्तों की पवित्रता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहाँ गढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में दूसरी शादी रचाकर आई एक महिला के अरमानों का अपनों ने ही गला घोंट दिया। शादी की मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी कि नवविवाहिता के साथ उसके सगे नंदोई और शादी के सूत्रधार बने बिचौलिए ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की बदहवास हालत में दी गई शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पहले पति की मौत के बाद बसाना चाहती थी घर, डेयरी में मिला धोखा

मूल रूप से यमुनानगर क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके पहले पति की मौत हो चुकी है। घर और जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए उसने बीती 13 मई को उचाना थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से दूसरी शादी की थी। पीड़िता का पति गढ़ी थाना क्षेत्र में अपने जीजा नरेश के पास रहकर उसकी पशु डेयरी में मजदूरी का काम करता है। शादी के बाद पीड़िता भी अपने पति के साथ इसी डेयरी परिसर में बने कमरों में रहने आई थी ताकि नए सिरे से गृहस्थी की शुरुआत कर सके। लेकिन उसे क्या मालूम था कि यहाँ उसका सामना भेड़ियों से होने वाला है।

नंदोई ने कमरे में बुलाकर की हैवानियत, फिर कोर्ट ले जाकर चली चाल

महिला का आरोप है कि 14 मई की रात, यानी शादी के अगले ही दिन, उसके नंदोई नरेश ने उसे किसी बहाने से अपने कमरे में बुलाया और डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतने से भी जब आरोपी का मन नहीं भरा, तो उसने इस जुर्म को छुपाने के लिए कानूनी पैंतरेबाजी शुरू कर दी। अगले दिन 15 मई को नरेश जबरन पीड़िता को स्थानीय कोर्ट ले गया, जहाँ डराकर और दबाव बनाकर उससे लिव-इन रिलेशनशिप के दस्तावेजों पर दस्तखत करवा लिए गए, ताकि मामले को आपसी रजामंदी का रूप दिया जा सके।

बिचौलिए को सौंपी 'अमानत', कार और खेतों में रातभर हुआ तांडव

साजिश की हद तो तब पार हो गई जब उसी रात यानी 15 मई की काली रात को नरेश ने पीड़िता को उचाना क्षेत्र के रहने वाले बिचौलिए बंसी के हवाले कर दिया, जिसने इस शादी की मध्यस्थता कराई थी। बंसी उसे अपनी कार में डालकर गांव के सुनसान खेतों की तरफ ले गया। वहाँ चलती कार और खेतों में बंसी और उसके कार ड्राइवर ने महिला के साथ बारी-बारी से दरिंदगी की। इसके बाद बंसी ने फोन कर अपने एक और दोस्त को मौके पर बुला लिया, जिसने भी असहाय महिला के साथ रेप किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर गढ़ी थाने पहुंची पीड़िता की दास्तां सुन पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

डीएसपी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में करा दिया गया है और कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस की दो टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!