ज्वेलर्स की दुकान से चांदी की पाजेब चोरी मामले में दूसरी महिला गिरफ्तार
Jun 01, 2026 4:28 PM
जींद (दलेर सिंह)। शातिर चोरों द्वारा दुकानदारों की आंख में धूल झोंककर चोरी करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जींद के जुलाना क्षेत्र से सामने आया था, जहां एक आभूषण की दुकान में दो महिलाएं ग्राहक बनकर घुसीं और बड़ी ही सफाई से चांदी की पाजेब चोरी कर रफूचक्कर हो गईं। हालांकि, जुलाना थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल दूसरी महिला आरोपी को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि उसके पास से चोरी का शत-प्रतिशत सामान भी बरामद करने में कामयाबी हासिल की है।
गहने देखने के बहाने दुकान में आईं, फिर उड़ा दीं पाजेब
मामले का खुलासा करते हुए जुलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव हथवाला के रहने वाले दीपक ने पुलिस को एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। दीपक गांव में ही अपनी सोने-चांदी के गहनों की दुकान चलाता है। शिकायत के मुताबिक, कुछ दिनों पहले उसकी दुकान पर दो अज्ञात महिलाएं आईं, जिन्होंने खुद को ग्राहक बताते हुए चांदी के आभूषण दिखाने को कहा। दीपक जब उन्हें अलग-अलग डिजाइन दिखाने में व्यस्त था, तभी दोनों महिलाओं ने नजर बचाकर करीब 100 ग्राम वजन की चांदी की कीमती पाजेब गायब कर दीं और बिना कुछ खरीदे वहां से चुपचाप निकल गईं। बाद में जब दीपक ने स्टॉक संभाला, तो पाजेब गायब पाकर उसके होश उड़ गए, जिसके बाद उसने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया।
पहली गिरफ्तारी से मिला राजस्थान का सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए जुलाना पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। जांच के शुरुआती दौर में पुलिस ने पुख्ता सबूतों के आधार पर जींद की ही रहने वाली सरला नामक महिला को गिरफ्तार किया था। जब पुलिस ने सरला से रिमांड के दौरान कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने इस पूरी साजिश की परतें खोल दीं। सरला ने खुलासा किया कि इस चोरी में उसके साथ राजस्थान के अलवर जिले के फतेहपुरा की रहने वाली माया भी शामिल थी।
अलवर से दबोची गई दूसरी आरोपी, पुलिस की जांच जारी
सरला से मिले इनपुट के बाद जुलाना थाना पुलिस की एक विशेष टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए दबिश दी और दूसरी आरोपी महिला माया को राजस्थान से धर दबोचा। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान माया ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी की गई चांदी की पाजेब भी सही-सलामत बरामद कर ली गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस गिरोह ने आसपास के अन्य कस्बों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।