Search

जींद में अनोखा सरप्राइज: मां की रिटायरमेंट पर बेटे ने नोटों से सजाकर गिफ्ट की नई कार

May 02, 2026 12:24 PM

जींद। सेवानिवृत्ति का पल किसी भी कर्मचारी के लिए भावनाओं से भरा होता है, लेकिन जींद के जुलाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी मां की विदाई को किसी उत्सव जैसा बना दिया। जैजैवंती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में तैनात नर्सिंग अधिकारी शान देवी जब अपनी सेवा के अंतिम दिन अस्पताल से बाहर निकलीं, तो सामने का नजारा देखकर उनकी आंखें भर आईं। उनके बेटे ने न केवल उन्हें एक चमचमाती नई कार तोहफे में दी, बल्कि उस कार का श्रृंगार फूलों या रिबन से नहीं, बल्कि असली नोटों से किया गया था। कार के हर हिस्से पर 10-10 रुपये के नोटों की लड़ियां इस तरह सजाई गई थीं कि देखने वालों का तांता लग गया।

39 साल की तपस्या का मिला 'अनमोल' फल

शान देवी ने स्वास्थ्य विभाग में कोई छोटा-मोटा समय नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी के 39 साल, 3 महीने और 27 दिन समर्पित किए हैं। एक समर्पित 'कोरोना वॉरियर' के रूप में पहचान बनाने वाली शान देवी सुपरवाइजर के पद से रिटायर हुई हैं। अपनी ड्यूटी के आखिरी दिन अस्पताल स्टाफ ने तो उन्हें विदाई दी ही, लेकिन उनके बेटे और बहू ने जो 'सरप्राइज प्लान' किया था, उसकी कल्पना खुद शान देवी ने भी नहीं की थी। कार के ड्राइवर साइड के शीशे को छोड़कर बाकी पूरी गाड़ी नोटों से ढकी हुई थी और उस पर मां की तस्वीर भी लगाई गई थी।

सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना वीडियो

जैसे ही नोटों से सजी यह कार अस्पताल से घर के लिए रवाना हुई, रास्ते में जिसने भी यह मंजर देखा, वह दंग रह गया। इस अनोखी विदाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे एक बेटे का अपनी मां की मेहनत और संघर्ष के प्रति एक रचनात्मक सम्मान बता रहे हैं। बेटे ने अपनी मां को इसी 'नोटों वाली कार' में बैठाया और गाजे-बाजे के साथ घर तक लेकर गया।

"सोचा नहीं था इतना प्यार मिलेगा": भावुक हुईं शान देवी

भावुक स्वर में शान देवी ने बताया कि उन्हें इस सरप्राइज की कानों-कान खबर नहीं थी। उन्होंने कहा, "मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरी रिटायरमेंट पर मुझे ऐसा अनोखा तोहफा मिलेगा। स्टाफ ने बहुत मान-सम्मान दिया, लेकिन बेटे और बहू के इस प्यार ने इस दिन को मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत दिन बना दिया।" जींद के ग्रामीण अंचल में इस तरह का नवाचार और मां के प्रति ऐसा समर्पण अब लोगों के बीच मिसाल बन गया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!