Search

अफसरों पर भड़के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी: बोले- व्यापारियों का उत्पीड़न किया तो खैर नहीं

Mar 30, 2026 12:01 PM

जींद।  जींद जिले के नरवाना में ओल्ड कोर्ट रोड पर पिछले कई दिनों से बना तनावपूर्ण माहौल अब शांत हो गया है। प्रशासन और व्यापारियों के बीच दुकानों के बाहर बने चबूतरे तोड़ने को लेकर जो तलवारें खिंची थीं, उन्हें कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल बेदी ने अपने दखल से म्यान में डलवा दिया है। मामला जब मंत्री के दरबार में पहुंचा, तो उन्होंने न केवल व्यापारियों की पीड़ा सुनी, बल्कि मौके पर मौजूद अधिकारियों की क्लास भी लगा दी। बेदी ने दोटूक लहजे में कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न सरकार की नीति नहीं है और इस पूरे इलाके में अब कोई बुलडोजर नहीं चलेगा।

विकास के नाम पर विनाश मंजूर नहीं: दुकानों के चबूतरे अब सुरक्षित

विवाद की जड़ प्रशासन द्वारा सड़कों को चौड़ा करने या सौंदर्यीकरण के नाम पर दुकानों के बाहर बने पुराने चबूतरे गिराने का फैसला था। इससे व्यापारियों में भारी रोष था और वे सड़कों पर उतरने की तैयारी में थे। शनिवार को हुई बैठक में मंत्री कृष्ण बेदी का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि विकास कार्यों की आड़ में किसी का रोजगार या जमा-पूंजी प्रभावित नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने घोषणा की कि दुकानदारों को दिए गए सभी नोटिस तत्काल प्रभाव से रद्द किए जाते हैं और अब किसी भी दुकान का कोई हिस्सा नहीं तोड़ा जाएगा।

11 सदस्यीय कमेटी तय करेगी समाधान का रास्ता

भविष्य में ऐसे विवाद दोबारा न पनपें, इसके लिए मंत्री ने एक लोकतांत्रिक रास्ता निकाला है। उन्होंने 6 प्रशासनिक अधिकारियों और 11 व्यापारिक प्रतिनिधियों को मिलाकर एक 'संयुक्त कमेटी' बनाने के निर्देश दिए हैं। यह कमेटी मुख्य रूप से बरसात के पानी की निकासी और सड़क संबंधी मुद्दों पर आपसी तालमेल से फैसले लेगी। मंत्री ने माना कि नगर परिषद के कुछ कर्मचारियों की गलत कार्यप्रणाली की वजह से व्यापारियों को मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ी, जिसके लिए उन्होंने खुद आगे बढ़कर माफी मांगी।

व्यापारियों में खुशी की लहर, प्रशासन बैकफुट पर

मंत्री के इस फैसले के बाद नरवाना के बाजार में जश्न का माहौल है। व्यापारियों ने इस निर्णय को 'सच्चाई की जीत' बताया है। कृष्ण बेदी ने स्पष्ट किया कि सरकार व्यापारियों के साथ खड़ी है और किसी भी अधिकारी को मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी। इस समाधान के बाद ओल्ड कोर्ट रोड के दुकानदारों ने राहत की सांस ली है, जो पिछले कई दिनों से अपनी रोजी-रोटी पर संकट के बादल देख रहे थे।

You may also like:

Please Login to comment in the post!