Jind News: नरवाना में रंगदारी मांगने वाले बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस, बीच बाजार मुंडवाया सिर
May 28, 2026 12:59 PM
जींद। हरियाणा के जींद जिले के नरवाना में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों को पुलिस ने उनके ही गढ़ में कड़ा सबक सिखाया है। पुराना बाजार के प्रमुख व्यापारी सौरभ गर्ग से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बुधवार को कड़ा रुख अख्तियार किया। पुलिस टीम कोयल गांव के रहने वाले दोनों आरोपियों, अंकुश और अभिषेक उर्फ भूत को सरेबाजार पैदल घुमाते हुए वारदात की निशानदेही कराने पहुंची। इस दौरान कानून का खौफ पैदा करने के लिए दोनों आरोपियों के सिर मुंडवाए गए थे और उन्हें मुख्य बाजार से पैदल ले जाकर पीड़ित व्यापारी की दुकान के सामने खड़ा किया गया, जहां दोनों ने हाथ जोड़कर अपनी करतूत के लिए माफी मांगी। इस पूरी कार्रवाई के दौरान बाजार में भारी पुलिस बल तैनात रहा और लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
पुलिस को देख नहर में कूदा मुख्य आरोपी, अस्पताल में भर्ती
इससे पहले मंगलवार को सीआईए स्टाफ नरवाना और थाना शहर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया था। पुलिस ने दबलैन माइनर (नहर) क्षेत्र की घेराबंदी कर मुख्य आरोपी हर्पित, अंकुश और अभिषेक उर्फ भूत को दबोच लिया। इस दौरान खुद को पुलिस से घिरा देख मुख्य आरोपी हर्पित ने बचने के चक्कर में माइनर में छलांग लगा दी। नहर में गिरने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है।
पुरानी रंजिश और अदालत की गवाही दबाने के लिए रची थी साजिश
डीएसपी कमलजीत राणा के नेतृत्व में चल रही इस तफ्तीश में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मुख्य आरोपी हर्पित के चाचा ने पहले भी इसी व्यापारी सौरभ गर्ग पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई थी। वह पुराना मामला इस समय अदालत में विचाराधीन है और उसमें जल्द ही गवाही होनी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कोर्ट में होने वाली आगामी गवाही को प्रभावित करने, गवाहों को डराने और व्यापारी पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाने के मकसद से ही इन बदमाशों ने दोबारा रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने की वारदात को अंजाम दिया था। डीएसपी कमलजीत राणा ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है ताकि इलाके के व्यापारियों में सुरक्षा का माहौल बना रहे।