Search

Rajasthan News: जोधपुर रिंग रोड आरटीओ टीम को देख ड्राइवर के अचानक ब्रेक लगाने से हादसा, ट्रक में घुसी स्कूटी, युवक की मौत

May 22, 2026 11:58 AM

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर शहर में गुरुवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। झालामंड इलाके में मोती मार्केट के पास रिंग रोड पर एक स्कूटी पीछे से ट्रक में जा घुसी, जिससे 12वीं के छात्र दिव्यांशु प्रजापत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को एम्स हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया।

एडीसीपी पश्चिम नरेंद्र सिंह देवड़ा ने बताया कि मृतक दिव्यांशु प्रजापत हनुमान नगर का रहने वाला था। वह गुरुवार रात करीब 9 बजे जिम से स्कूटी पर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मोती मार्केट के पास रिंग रोड पर उसके आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। तेज रफ्तार होने के कारण दिव्यांशु स्कूटी को नियंत्रित नहीं कर सका और सीधे ट्रक के पीछे टकरा गया।

परिजनों ने आरटीओ टीम पर लगाए आरोप

मृतक के चाचा दयाल प्रजापत ने आरोप लगाया कि हादसे वाली जगह पर अक्सर आरटीओ विभाग की चेकिंग चलती रहती है। गुरुवार रात भी परिवहन विभाग का उड़नदस्ता भारी वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान एक ओवरलोड ट्रक वहां पहुंचा और आरटीओ टीम को देखकर चालक घबरा गया। आरोप है कि चालक ने अचानक ट्रक रोक दिया, जिससे पीछे से आ रही स्कूटी सीधे ट्रक में जा घुसी।

हादसे में दिव्यांशु के सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और समाज के अन्य लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

रिंग रोड पर जाम, पुलिस ने संभला मोर्चा 

गुस्साए लोगों ने रिंग रोड और सर्विस लेन पर पत्थर और बड़े केबल रोल डालकर रास्ता बंद कर दिया। प्रदर्शन के कारण करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस अधिकारियों ने देर रात तक लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर रास्ता खाली करवाया। मौके पर एडीसीपी ट्रैफिक शालिनी राज, एसीपी बोरानाडा आनंद सिंह और अन्य अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस ने ट्रैफिक दोबारा शुरू करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!