Search

हरियाणा में बनेंगी 10 नई मंडियां: कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कैथल में किया बड़ा ऐलान।

May 13, 2026 10:22 AM

कैथल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मंगलवार को कैथल जिले के तूफानी दौरे पर रहे। उन्होंने अगोंध, कसौर, पीडल और भूना समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों का दौरा कर लोगों को आगामी 17 मई को अंबाला के शहजादपुर में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह के लिए आमंत्रित किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक समाज का नहीं, बल्कि स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

किसानों के लिए बड़ी सौगात: प्रदेश में बनेंगी 10 नई आधुनिक मंडियां

चुनावी साल और किसानों की मांगों के बीच कृषि मंत्री ने एक महत्वपूर्ण नीतिगत फैसला साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही 10 नई मंडियों का निर्माण करने जा रही है। इन मंडियों का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को एक सीधा और पारदर्शी प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है। राणा ने साफ किया कि सरकार का फोकस अब रसायनिक खेती के बजाय जहर मुक्त खेती पर है, ताकि आम जनमानस को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके और किसानों की लागत कम कर उनकी आय में इजाफा किया जा सके।

देसी गाय पालने पर 30 हजार की मदद, युवाओं को दी नसीहत

कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक खेती की ओर लौटें और देसी गाय का पालन करें। उन्होंने जानकारी दी कि देसी गाय पालने वाले किसान को सरकार की ओर से 30 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। मंत्री के मुताबिक, गाय के गोबर से तैयार प्राकृतिक खाद न केवल भूमि की उर्वरक शक्ति बढ़ाती है, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी सर्वोत्तम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे महाराणा प्रताप के जीवन से साहस और संघर्ष की प्रेरणा लें और समाज निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!