Search

हरियाणा में बेरोजगारी की मार ने कैथल के तीन युवाओं की ले ली जान: आदित्य सुरजेवाला

Mar 25, 2026 4:21 PM

कैथल: पूरे हरियाणा सहित कैथल जिले में बेरोजगारी की मार ने एक बार फिर परिवारों को तोड़ दिया है। पिछले कुछ दिनों में जिले के तीन युवकों की मौत की खबरें आई हैं — रोहेड़ा निवासी गीतिक शर्मा स्पेन में करंट लगने से, करोड़ा निवासी सुनील अमेरिका में हार्ट अटैक से और दीपक स्पेन में मौत हो गई। तीनों परिवारों ने कर्ज लेकर या जमीन बेचकर उन्हें बेहतर भविष्य की तलाश में विदेश भेजा था, लेकिन वापसी सिर्फ शव के रूप में हुई। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि ये तीनों मौतें अलग-अलग देशों में हुई हैं, लेकिन कारण एक ही है हरियाणा में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। परिवार कर्ज में डूब रहे हैं, जमीनें बेच रहे हैं और बच्चे मौत के मुंह में जा रहे हैं।

विधायक आदित्य सुरजेवाला ने इन घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जवाब मांगते हुए कहा कि भाजपा के 11 साल में हरियाणवी युवा क्यों ₹20-₹40 लाख का कर्ज लेकर विदेश मजदूरी या युद्ध क्षेत्रों में जान देने को मजबूर हैं? 4.25 लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं, इन्हें कब भरा जाएगा? हरियाणवी युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर क्यों नहीं बन रहे?बेरोजगारी की इस आग में युवाओं को कब तक बलि चढ़ाया जाएगा? क्या भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य को अंधेरे में धकेलने पर तुली हुई है?

उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) पोर्टल पर लाखों युवा रजिस्टर्ड हैं, लेकिन नौकरियां मुट्ठी भर ही मिल रही हैं। सरकारी भर्तियों में देरी, पेपर लीक ने युवाओं के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार को अब नारे नहीं, ठोस कदम उठाने चाहिए  स्किल डेवलपमेंट को मजबूत करना, स्थानीय उद्योग लगाना, खाली पदों को तेजी से भरना और युवाओं को देश में ही सम्मानजनक रोजगार देना। विधायक आदित्य सुरजेवाला ने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

You may also like:

Please Login to comment in the post!