कैथल में वीआईपी कल्चर को ब्रेक: गाड़ियों का काफिला छोड़ सिर्फ एक पायलट गाड़ी में पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
May 16, 2026 3:22 PM
कैथल। हरियाणा के राजनीतिक गलियारों में मंत्रियों और रसूखदारों के दौरों के समय गाड़ियों का लंबा-चौड़ा काफिला दिखना बेहद आम बात है, लेकिन शनिवार को कैथल में नजारा बिल्कुल उलट था। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा जब भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन करने पहुंचे, तो वहां कोई हुजूम या गाड़ियों का रेला नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद, कृषि मंत्री ने खुद इसकी शुरुआत की और अपने सुरक्षा काफिले को पीछे छोड़ केवल पुलिस की सिंगल पायलट गाड़ी में सफर तय किया।
'जब प्रधानमंत्री दो गाड़ियों में चल सकते हैं, तो मंत्रियों को एक ही काफी'
कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी और स्थानीय नेताओं ने मंत्री का स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने वहां लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनके इस सादगी भरे अंदाज पर सवाल पूछा गया, तो श्याम सिंह राणा ने बेहद तार्किक जवाब दिया। उन्होंने कहा, "जब देश के प्रधानमंत्री खुद को सीमित कर केवल दो गाड़ियों के साथ कार्यक्रमों में जा सकते हैं, तो हम मंत्रियों को भी अपनी आदतें बदलनी होंगी। मंत्रियों के लिए केवल एक गाड़ी काफी है।" उन्होंने साफ किया कि वैश्विक स्तर पर चल रहे आर्थिक और भू-राजनीतिक संकटों के बीच देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत रखने के लिए ईंधन की बचत आज बेहद जरूरी है।
महाराणा प्रताप जयंती पर दी बसों से आने की सलाह, संभाली नई जिम्मेदारी
कैथल और करनाल जिले की ग्रीवांस कमेटी का चेयरमैन बनाए जाने पर मंत्री ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि दोनों जिलों की जनता की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने रविवार को अंबाला में होने वाले राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह को लेकर भी जनता और कार्यकर्ताओं से एक खास अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने निजी वाहनों और कारों से आने के बजाय टोलियां बनाकर बसों के जरिए कार्यक्रम में पहुंचें। इससे न केवल सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि भारी मात्रा में देश के राजस्व और तेल की भी बचत होगी।