हरियाणवी सिनेमा का बदलेगा दौर! मासूम शर्मा ने कैथल में फिल्म 'लाइसेंस' को लेकर किए बड़े दावे
May 02, 2026 3:30 PM
कैथल (जग मार्ग)। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित चेहरे मासूम शर्मा शनिवार को कैथल के पद्मा सिटी मॉल पहुंचे। अपनी नई फिल्म 'लाइसेंस' की सफलता से उत्साहित मासूम शर्मा ने यहां न केवल अपने प्रशंसकों से मुलाकात की, बल्कि हरियाणवी फिल्म जगत की दशा और दिशा पर भी खुलकर चर्चा की। गायक से अभिनेता बने मासूम ने कहा कि उनकी कोशिश हरियाणवी सिनेमा को उस मुकाम पर ले जाने की है, जहां दक्षिण भारतीय फिल्मों (South Cinema) की तरह लोग इसे डब करके देखने को मजबूर हो जाएं।
तंत्र पर चोट करती है 'लाइसेंस'
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे मासूम शर्मा ने बताया कि 'लाइसेंस' महज मनोरंजन नहीं, बल्कि व्यवस्था और तंत्र की खामियों पर कड़े सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी आवाज के जरिए लोगों के दिलों में जगह बनाई और अब अभिनय के जरिए हरियाणवी सिनेमा को एक नई ऊंचाई पर देखना चाहता हूं। हरियाणा के कोने-कोने से फिल्म को मिल रहा प्यार यह साबित करता है कि दर्शक अब अच्छी कहानियों की ओर लौट रहे हैं।"
बजट और जमीन बेचने के सवाल पर बेबाकी
फिल्म निर्माण के दौरान आने वाली आर्थिक चुनौतियों पर मासूम ने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए कोई अरबों रुपये खर्च नहीं किए और न ही अपनी जमीनें बेची हैं। उन्होंने कहा, "जितनी मेरी सामर्थ्य थी, उसी के दायरे में रहकर पूरी ईमानदारी से काम किया। मुझे विश्वास है कि जब कंटेंट दमदार होता है, तो बजट गौण हो जाता है। वह दिन दूर नहीं जब हरियाणवी फिल्में देशभर के सिनेमाघरों में पहले नंबर पर होंगी।"
विवादों को बताया तरक्की का हिस्सा
अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले मासूम शर्मा से जब विवादों पर सवाल हुआ, तो उन्होंने सधा हुआ जवाब दिया। उन्होंने कहा, "जो लोग मेरे बयानों को विवादित बताते हैं या आलोचना करते हैं, मैं उन्हें अपना सबसे बड़ा शुभचिंतक मानता हूं। उनकी वजह से ही मुझे सुधार करने का मौका मिलता है।" इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा के युवाओं से अपील की कि वे भाईचारे के गुलदस्ते को बिखरने न दें।
यूट्यूब कल्चर और सिनेमा का डाउनफॉल
हरियाणवी सिनेमा की सुस्त रफ्तार पर चिंता जताते हुए मासूम ने बड़ी कंपनियों को निशाने पर लिया। उन्होंने तर्क दिया कि लंबे समय तक हरियाणवी फिल्मों में गिरावट इसलिए रही क्योंकि बड़ी कंपनियों ने सिर्फ यूट्यूब पर ध्यान दिया। सस्ते रेट पर कलाकार उठाकर काम चलाया गया और बड़े सिनेमाई प्रयोग नहीं किए गए। हालांकि, अब 'लाइसेंस' जैसी फिल्मों को मिल रहा रिस्पांस बदलाव का संकेत है।