Search

कैथल में अपराधियों की अब खैर नहीं: 62 ठिकानों पर 'तीसरी आंख' का पहरा, पुलिस ने तैयार किया सिक्योरिटी मैप

May 07, 2026 11:16 AM

कैथल । कैथल शहर को अपराध मुक्त बनाने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए जिला पुलिस ने एक बड़ा खाका तैयार किया है। अब शहर का कोना-कोना पुलिस की रडार पर होगा। शहर थाना एसएचओ गीता के मुताबिक, पुलिस प्रशासन ने पूरे शहर को सीसीटीवी कैमरों के जाल से कवर करने की योजना बनाई है। इसके लिए बाकायदा एक विस्तृत मैप तैयार किया गया है, जिसमें उन 62 जगहों को चिन्हित किया गया है जहां से अपराधी शहर में दाखिल होते हैं या वारदात के बाद भागने के लिए इस्तेमाल करते हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 200 हाई-टेक कैमरे इंस्टॉल किए जा रहे हैं, जो दिन के साथ-साथ रात के अंधेरे में भी साफ फुटेज देने में सक्षम होंगे।

भीड़भाड़ वाले चौराहों और एंट्री पॉइंट पर रहेगी पैनी नजर

पुलिस की इस मुहिम का मुख्य फोकस उन सार्वजनिक स्थानों और चौक-चौराहों पर है, जहां लोगों की आवाजाही सबसे ज्यादा रहती है। अक्सर देखा जाता है कि भीड़भाड़ का फायदा उठाकर झपटमार या वाहन चोर वारदात को अंजाम देकर गलियों के रास्ते निकल जाते हैं। अब शहर को चारों दिशाओं से कवर किया जा रहा है। इसका फायदा यह होगा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति शहर की सीमा में दाखिल होता है या कोई वारदात होती है, तो पुलिस के पास उसका रियल-टाइम डेटा उपलब्ध होगा। अधिकारियों का मानना है कि इन कैमरों के लगने से न केवल अपराधों का ग्राफ गिरेगा, बल्कि पेंडिंग मामलों को सुलझाने में भी तेजी आएगी।

सचिवालय में बनेगा अभेद्य कंट्रोल रूम, 24 घंटे होगी मॉनिटरिंग

कैमरे लगाने के साथ-साथ उनके फुटेज को सहेजने और लाइव मॉनिटरिंग के लिए एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह कंट्रोल रूम लघु सचिवालय (मिन्नी सेक्रेटेरिएट) परिसर में बनाया जाएगा। संभावना है कि इसे एसपी कार्यालय या डीसी कार्यालय के साथ जोड़ा जाए ताकि जिले के आला अधिकारी खुद शहर की गतिविधियों पर नजर रख सकें। एसएचओ गीता ने स्पष्ट किया कि कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और विभाग का लक्ष्य इसे इसी महीने (मई 2026) के अंत तक पूरा करने का है।

आम जनता के लिए राहत: सुरक्षित महसूस करेंगे शहरवासी

शहर थाना प्रभारी ने बताया कि यह कदम कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कैमरों की मौजूदगी से आपराधिक तत्वों में खौफ पैदा होगा और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर लगे इन कैमरों के साथ छेड़छाड़ न करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

You may also like:

Please Login to comment in the post!