कैथल: कांग्रेस विधायक ने हाथों से उखाड़ दी नई सड़क, गुहला में भ्रष्टाचार का वीडियो वायरल
May 11, 2026 12:13 PM
कैथल। गुहला के विधायक देवेंद्र हंस को पिछले कुछ दिनों से भागल और भूसला गांव के लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नई बन रही सड़क महज खानापूर्ति बनकर रह गई है। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क बनने के कुछ ही घंटों बाद वह टूटने लगी है। इसी शिकायत का संज्ञान लेते हुए विधायक मौके पर पहुंचे और जब उन्होंने सड़क की जांच की, तो नजारा हैरान करने वाला था। विधायक ने जब अपने हाथों से सड़क के किनारे को खींचा, तो पूरी की पूरी तारकोल की परत किसी कागज की तरह बाहर आ गई। विधायक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
विधायक ने अपनी पोस्ट में इस बात पर गहरा रोष जताया कि जब उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन कर वहां आने को कहा, तो किसी ने भी सामने आने की हिम्मत नहीं दिखाई। विधायक का आरोप है कि अधिकारी जानते हैं कि काम में धांधली हुई है, इसलिए वे जनता और उनके प्रतिनिधि के सवालों का सामना करने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का यह स्तर बताता है कि प्रशासन और ठेकेदार किस कदर बेखौफ होकर सरकारी पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ हर स्तर पर लड़ी जाएगी जंग
विधायक देवेंद्र हंस ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे जनता के टैक्स के पैसे की इस तरह बर्बादी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के राज में भ्रष्टाचार चरम पर है और अधिकारी सत्ता के संरक्षण में लूट मचा रहे हैं। विधायक ने कहा, "जनता के हकों और विकास कार्यों में कोई भी समझौता नहीं होगा। हम इस मुद्दे को न केवल विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने उठाएंगे, बल्कि सदन में भी इसकी गूंज सुनाई देगी।" फिलहाल इस वीडियो के सामने आने के बाद विभाग के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है और ग्रामीणों में भी विभाग के प्रति भारी नाराजगी है।