कैथल के मेडिकल स्टोर पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी रेड, 820 नशीली गोलियां और एमटीपी किट बरामद
May 16, 2026 1:09 PM
कैथल। कैथल में अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाओं और नशीली गोलियों का धंधा करने वालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अपना शिकंजा कस दिया है। शहर की जनकपुरी कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला ड्रग कंट्रोल अधिकारी और पीएनडीटी की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ 'भारत बायोकम मेडिकल स्टोर' पर अचानक छापा मार दिया। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इस दुकान की आड़ में प्रतिबंधित एमटीपी किट और युवाओं को नशा परोसने वाली दवाइयां धड़ल्ले से बेची जा रही हैं।
रंगे हाथों धरे गए मेडिकल स्टोर मालिक और सहायक, रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
गुरुवार रात करीब 8 बजे जब यह छापेमारी हुई, तो दुकान के अंदर संचालक राजबीर और उसका सहायक सुखदेव ग्राहकों को दवाइयां दे रहे थे। टीम ने अचानक दाखिल होकर जब दुकान के काउंटरों और स्टॉक की तलाशी ली, तो वहां से दो अलग-अलग सॉल्ट की करीब 820 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं। इन दवाइयों की बिक्री को लेकर जब संचालक से लाइसेंस और डॉक्टर की पर्ची से जुड़ा रिकॉर्ड मांगा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। स्वास्थ्य विभाग की सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लिंग जांच और अवैध गर्भपात पर जीरो टॉलरेंस, पीएनडीटी टीम का कड़ा रुख
इस पूरी कार्रवाई की कमान संभाल रहे पीएनडीटी इंचार्ज डॉ. सचिन मांडले, जिला ड्रग कंट्रोल अधिकारी डॉ. चेतन वर्मा और डॉ. हमीता ने बताया कि एमटीपी किट का इस तरह खुलेआम बेचा जाना न केवल कानूनन जुर्म है, बल्कि यह कन्या भ्रूण हत्या जैसे घिनौने अपराधों को भी बढ़ावा देता है। डॉ. मांडले ने दोटूक कहा कि लिंग जांच, अवैध गर्भपात और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी डॉक्टर, मेडिकल स्टोर संचालक या बिचौलिए को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।