विभागों की सुस्ती से बढ़ा हादसों का ग्राफ: कैथल में बीच सड़क पर खड़े पोल से टकरा रहे वाहन, ग्रामीण भड़के
May 18, 2026 1:08 PM
कैथल। कैथल जिले के कैलरम गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो सरकारी विभागों के बीच तालमेल की कमी और घोर प्रशासनिक सुस्ती को बयां करता है। गांव कैलरम से बालू और सारण को जोड़ने वाले व्यस्त मार्ग पर सफर करना इन दिनों जान जोखिम में डालने जैसा है। इस सड़क के बिल्कुल बीचोंबीच बिजली विभाग का एक भारी-भरकम पोल खड़ा हुआ है। हद तो तब हो गई जब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस खंभे को हटवाने का प्रयास करने के बजाय, इसके आस-पास की करीब 20 से 30 मीटर सड़क को ही अधूरा छोड़ दिया। विभागों की इस लापरवाही के कारण यह रास्ता बेहद संकरा हो चुका है और यहां से गुजरने वाले लोग हर पल किसी बड़े हादसे के खौफ में रहने को मजबूर हैं।
कोहरे में तो दिखता नहीं, अब गर्मियों में भी पहली बार आने वाले खा रहे गच्चा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से प्रशासन के संज्ञान में है। सर्दियों के दिनों में जब इलाका घने कोहरे की चादर में लिपटा होता था, तब तो यह पोल कतई दिखाई नहीं देता था और वाहन चालक सीधे इससे जा टकराते थे। लेकिन अब गर्मियों के मौसम में भी यह जोखिम कम नहीं हुआ है। दिन के समय तो स्थानीय लोग संभलकर निकल जाते हैं, मगर रात के वक्त या इस मार्ग से पहली बार गुजरने वाले बाहरी वाहन चालकों के लिए यह पोल किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं है। रफ्तार में आ रहे वाहन अचानक इस खंभे को सामने देखकर ब्रेक मारते हैं, जिससे पीछे चल रही गाड़ियां भी आपस में टकरा जाती हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालना हुआ दूभर, किसान और बुजुर्ग परेशान
इस रास्ते से रोजाना गुजरने वाले ग्रामीण राहुल और किसान सुरेंद्र ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि खेती-किसानी के लिए उन्हें इसी मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। सड़क के बीच में पोल होने और साइड की सड़क टूटी होने के कारण बड़े कृषि यंत्र, कंबाइन मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने में पसीने छूट जाते हैं। अगर सामने से कोई दूसरी गाड़ी आ जाए, तो लंबा जाम लग जाता है। वहीं ग्रामीण संदीप और कमलेश ने रोष जताते हुए कहा कि बच्चे और बुजुर्ग भी अब इस रास्ते पर चलने से कतराने लगे हैं। कई बार बिजली विभाग को लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार अफसरों ने सिर्फ आश्वासनों का झुनझुना थमाकर ग्रामीणों को टरका दिया।
एसई बोले- जल्द हटेगा पोल, दूर होगी समस्या
इस पूरे मामले को लेकर जब 'जग मार्ग' की टीम ने बिजली निगम के एसई (सुपरिटेंडिंग इंजीनियर) सोमबीर से बात की, तो उन्होंने मामले की गंभीरता को स्वीकार किया। एसई सोमबीर ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और वह संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि तकनीकी औपचारिकताओं को पूरा करके जल्द ही इस खंभे को सड़क के बीच से हटाकर किनारे पर शिफ्ट कर दिया जाएगा, ताकि पीडब्ल्यूडी भी अपनी अधूरी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर सके। अब देखना यह होगा कि साहब का यह दावा धरातल पर कब तक उतरता है।