कैथल में पुलिस और इनामी बदमाश के बीच 'गनफाइट': जवाबी फायरिंग में बदमाश संदीप के पैर में लगी गोली; जैकेट ने बचाई सिपाही की जान
May 04, 2026 11:18 AM
कैथल (जग मार्ग)। हरियाणा के कैथल में सोमवार तड़के अपराध और कानून के बीच सीधी भिड़ंत देखने को मिली। जिला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) स्टाफ टीम ने एक साहसिक ऑपरेशन के दौरान 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश संदीप उर्फ कोहली को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। सिरसा ब्रांच नहर पर हुई इस 'मुठभेड़' में बदमाश की टांग में गोली लगी है, जबकि बदमाश की तरफ से चलाई गई एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट को चीरने की कोशिश करती रही, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मुखबिर की सूचना और नाकेबंदी
एवीटी इंचार्ज मुकेश कुमार को पुख्ता जानकारी मिली थी कि हत्या के प्रयास के कई मामलों में वांछित संदीप उर्फ कोहली पूंडरी के गांव फरल के रास्ते निकलने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तड़के करीब 4 बजे सिरसा ब्रांच नहर पर जाल बिछाया और वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। जैसे ही कोहली की कार नाके के पास पहुंची, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन कानून को ठेंगे पर रखने वाले बदमाश ने रफ्तार और बढ़ा दी।
पेड़ से टकराई कार, फिर शुरू हुई 'जंग'
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपनी गाड़ी बदमाश की कार के आगे अड़ा दी। रास्ता बंद देख आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। खुद को घिरा देख संदीप कार से बाहर निकला और पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया। उसने करीब दो से तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली सीधे पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जाकर लगी।
जवाबी फायरिंग में ढेर हुआ इरादा
बदमाश की ओर से जानलेवा हमला होते देख पुलिस ने पहले हवाई फायर कर उसे सरेंडर करने को कहा, लेकिन जब फायरिंग नहीं रुकी तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की चलाई गोली संदीप की टांग में लगी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया।
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़ा गया बदमाश संदीप जाखोली अड्डा स्थित शराब ठेके पर हुई फायरिंग की वारदात के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी और उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन-किन लोगों ने पनाह दी थी।