कैथल में भीषण हादसा: धू-धू कर जली कार, मोबाइल दुकानदार आशीष की मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक
May 01, 2026 3:54 PM
राजौंद (कैथल)। खुशियों से भरे एक परिवार की दुनिया उस वक्त उजड़ गई जब महज चार महीने पहले दूल्हा बने 23 वर्षीय आशीष की सड़क हादसे में जान चली गई। राजौंद के सौंगल गांव के पास हुई इस रूह कंपा देने वाली घटना में आशीष की कार न केवल दुर्घटनाग्रस्त हुई, बल्कि उसमें भीषण आग भी लग गई। कैथल बस स्टैंड के पास मोबाइल की दुकान चलाने वाला आशीष बुधवार शाम घर से दोस्तों से मिलने की बात कहकर निकला था, लेकिन रात 11 बजे परिजनों को उसकी मौत की मनहूस खबर मिली। कार की हालत देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना जबरदस्त था, हालांकि इस पूरी घटनाक्रम पर अब संदेह के बादल मंडरा रहे हैं।
जल गई कार, पर शरीर पर नहीं मिले जलने के निशान
मृतक के पिता शिशपाल ने पुलिस को दी शिकायत में कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि जिस कार (HR 08 AK 9654) में आशीष सवार था, वह पूरी तरह जलकर राख हो चुकी है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आशीष या उसके घायल दोस्त बलजीत के शरीर पर जलने का कोई निशान नहीं मिला। परिवार ने आरोप लगाया है कि घायल बलजीत बार-बार अपने बयान बदल रहा है और मौके पर किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी की बात कह रहा है। परिजनों को अंदेशा है कि आशीष को पहले कोई नशीला पदार्थ दिया गया और उसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया।
चार महीने पहले ही बंधा था सेहरा
आशीष अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। उसकी दो बड़ी बहनें शादीशुदा हैं और वह खुद अभी गृहस्थी की शुरुआत ही कर रहा था। महज चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। भगत सिंह कॉलोनी स्थित उसके घर पर अब मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता शिशपाल ने बताया कि आशीष शाम साढ़े 6 बजे घर से निकला था और उन्हें क्या पता था कि यह उनकी बेटे से आखिरी मुलाकात होगी।
पुलिस की कार्रवाई और जांच का भरोसा
राजौंद थाना प्रभारी (SHO) सतपाल सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि पुलिस टीम ने रात को ही घटनास्थल का मुआयना किया था। घायल बलजीत का अस्पताल में उपचार चल रहा है, वहीं आशीष के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि परिजनों ने जो भी आशंकाएं जताई हैं, उन्हें जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस अब कार की फॉरेंसिक जांच और घायल के बयानों के आधार पर कड़ियां जोड़ने में जुटी है ताकि हादसे की असल वजह सामने आ सके।