कैथल में युवक के अपहरण और बेरहमी से पिटाई का मामला: सीआईए ने 5 आरोपियों को दबोचा, निकाली परेड
May 20, 2026 3:00 PM
कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक युवक के अपहरण और तालिबानी अंदाज में उसकी पिटाई की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में मुस्तैद सीआईए-1 और तितरम थाना पुलिस ने संयुक्त जाल बिछाकर पांचों नामजद आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने समाज में अपराधियों का खौफ कम करने के लिए पकड़े गए बदमाशों की इलाके में परेड भी करवाई। यह पूरी वारदात बीते 8 मई की शाम को सिसमौर गांव के पास हुई थी, जिसके बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था।
सरेआम कार में डाला, अलग-अलग ठिकानों पर किया लहूलुहान
सीआईए-1 के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर (SI) जसवंत सिंह ने दर्ज मामले के हवाले से बताया कि सिसला गांव का रहने वाला विवेक 8 मई की शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिसमौर जा रहा था। जैसे ही वे गांव में एक हलवाई की दुकान के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर खड़ी एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार से सिसला गांव का ही मोहित उतरा और विवेक पर हमला बोल दिया। मोहित के साथ मौजूद सचिन उर्फ चीना (निवासी पाई) ने भी विवेक को थप्पड़ों और मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी विवेक को जबरन घसीटते हुए कार में डालकर कैथल के सेक्टर-18 स्थित एक सुनसान कॉलोनी में ले गए।
वीडियो बनाया, सोने की मुरकी छीनी और अधमरा कर छोड़ा
सेक्टर-18 की कॉलोनी में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। यहां विवेक को कार के हेडरेस्ट (सीट के ऊपरी हिस्से) और लात-घूसों से बेरहमी से पीटा गया और उसकी लाचारी का बकायदा वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा, तो वे लहूलुहान विवेक को चंदाना वाली नहर पर ले गए। वहां पहले से दो युवक हाथों में प्लास्टिक के मोटे पाइप लेकर खड़े थे। नहर के किनारे विवेक को दोबारा पाइपों से सूजा गया। इसी बीच आरोपी मोहित ने विवेक के कान से सोने की मुरकी भी झपट ली। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित को तड़पता हुआ सिसमौर गांव के पास फेंक गए और पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी।
रंजिश के चलते रची गई साजिश, अदालत में होगी पेशी
गंभीर हालत में विवेक को कैथल के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी शिकायत पर तितरम थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। सीआईए प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी इनपुट्स के आधार पर दबिश देकर आरोपी मोहित, सचिन उर्फ चीना, चेतन, सोनू और चंदाना निवासी आशीष को दबोच लिया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में साफ हुआ है कि विवेक और मुख्य आरोपी मोहित के बीच काफी समय से पुरानी निजी रंजिश चली आ रही थी, जिसका बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात की स्क्रिप्ट लिखी गई थी। पुलिस बुधवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि वारदात में इस्तेमाल कार और छीनी गई सोने की मुरकी बरामद की जा सके।