Search

सूने घर में पंखे से लगाया फंदा, छह साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

May 05, 2026 10:48 AM

कैथल। जिला मुख्यालय के चंदाना गेट इलाके में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते मौत को गले लगा लिया। युवक ने अपने किराए के मकान में छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दर्दनाक पहलू यह है कि जिस वक्त यह आत्मघाती कदम उठाया गया, घर में कोई मौजूद नहीं था; मृतक की पत्नी अपनी छह वर्षीय मासूम बेटी के साथ किसी काम से बाहर गई हुई थी।

पड़ोसियों ने देखा खौफनाक मंजर

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे की है। चंदाना गेट स्थित किराए के मकान में रहने वाला युवक घर में अकेला था। जब पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग किसी काम के सिलसिले में उससे मिलने पहुंचे, तो कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए। युवक का शव पंखे से झूल रहा था। शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी गई।

शक्ति नगर का रहने वाला था विकास

शहर थाना के जांच अधिकारी जय भगवान ने बताया कि मृतक की पहचान शक्ति नगर निवासी विकास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, विकास का मूल परिवार शक्ति नगर में ही रहता है, लेकिन पिछले कुछ समय से वह अपनी पत्नी और 6 साल की बेटी के साथ चंदाना गेट के पास एक किराए के मकान में अलग रह रहा था।

वजह तलाशने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि अभी तक आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों के बयानों का इंतजार कर रही है। जय भगवान ने कहा, "परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी और उसी आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

फिलहाल, इस घटना के बाद से शक्ति नगर और चंदाना गेट इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां इस तरह अचानक उजड़ जाने से हर कोई स्तब्ध है।


You may also like:

Please Login to comment in the post!