Search

दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर फायरिंग? लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पोस्ट लिखकर दी 'तीसरी चेतावनी'

May 13, 2026 12:55 PM

करनाल। करनाल के निसिंग इलाके में मंगलवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव गोंदर स्थित मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप सिंह कांग के फार्म हाउस पर फायरिंग की खबर उड़ी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ और सीआईए की टीमें भी सक्रिय हो गईं। सूत्रों का दावा है कि पुलिस को मौके से दो खाली खोल बरामद हुए हैं, जिनमें से एक गोली गेट पर और दूसरी दीवार पर लगी बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस प्रशासन इस मामले में बेहद फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। निसिंग थाना प्रभारी और गांव के सरपंच ने फिलहाल इसे महज एक अफवाह करार दिया है, लेकिन रातभर चली जांच कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाई पुलिस की सिरदर्दी

फायरिंग की इस कथित घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसने मामले को पूरी तरह फिल्मी रंग दे दिया। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि यह फायरिंग 'ऑस्ट्रिया मेड' हथियारों से की गई है।

पोस्ट में दिलजीत और उनकी टीम को सीधी चेतावनी देते हुए कहा गया है कि यह कोई फिरौती का मामला नहीं है, बल्कि यह उन शिकायतों का नतीजा है जो उन्हें विदेश दौरों के दौरान मिली हैं। गैंग का आरोप है कि मैनेजर ने पंजाब की बेटियों को धोखे में रखकर उनका शोषण किया है।

'सुधर जाओ, वरना शरीर छुड़वा देंगे' - गैंग की खुली धमकी

गैंगस्टरों ने अपनी पोस्ट में बेहद तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा है कि वे दिलजीत को 'बेनिफिट ऑफ डाउट' दे रहे थे, लेकिन बार-बार संदेश भेजने के बाद भी टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया।

पोस्ट में धमकी दी गई है कि "तुम दुनिया के किसी भी देश में चले जाओ, हमारा नेटवर्क वहां भी है। अबकी बार गलती की तो घरों में घुसकर अंजाम बताएंगे।" जिस वक्त यह कथित वारदात हुई, मैनेजर गुरप्रताप सिंह कांग विदेश में बताए जा रहे हैं। फिलहाल करनाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है और इस वायरल पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है कि क्या वाकई यह हमला लॉरेंस गैंग ने किया है या इसके पीछे कोई और कहानी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!