Haryana News: करनाल में फॉरेस्ट ऑफिसर रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया, फार्म हाउस के रास्ते के नाम पर मांगे डेढ़ लाख
Apr 11, 2026 5:10 PMकरनाल: हरियाणा के करनाल जिले में एक फॉरेस्ट ऑफिसर को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी किसान को फार्म हाउस के लिए रास्ता बनाने के मामले में डराकर पैसे मांग रहा था। असंध ACB टीम ने शुक्रवार देर रात जाल बिछाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान वन विभाग में तैनात चांदवीर के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
किसान को डराकर मांगी रिश्वत
ACB इंस्पेक्टर सुलतान सिंह के अनुसार, असंध के जींद रोड पर एक किसान अपने खेत में फार्म हाउस बनाना चाहता था। उसने रास्ता बनाने के लिए जमीन की सफाई करवाई थी। इसी दौरान फॉरेस्ट ऑफिसर चांदवीर वहां पहुंचा और किसान पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने और पेड़ काटने का आरोप लगाया।
15 लाख जुर्माने की धमकी
आरोपी अधिकारी ने किसान को 15 लाख रुपये के भारी जुर्माने का डर दिखाया। उसने JCB मशीन से फार्म हाउस के सामने गड्ढे खुदवाकर दबाव बनाया। लगातार धमकाने के बाद आरोपी ने मामले को सुलझाने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की, जिस पर किसान ने सहमति जताई।
ACB ने बिछाया जाल
पीड़ित किसान ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। इसके बाद ACB टीम ने योजना बनाकर रिश्वत के नोटों पर विशेष पाउडर लगाया और उनके नंबर दर्ज किए। आरोपी को पकड़ने के लिए पूरी तैयारी की गई।
ऑफिस में रंगेहाथ पकड़ा गया
शुक्रवार रात आरोपी ने किसान को असंध रोड स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में बुलाया। जैसे ही किसान ने उसे डेढ़ लाख रुपये दिए, ACB टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में पेश, जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल कराया गया और उसे कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ACB ने कहा है कि इस मामले में अन्य किसी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।