गोवंश के अवशेष मिलने पर करनाल-स्टेट हाईवे जाम, पुलिस छावनी में बदला इलाका
Mar 19, 2026 12:38 PM
करनाल। हरियाणा के करनाल जिले का इंद्री क्षेत्र बुधवार को उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब लगातार दूसरे दिन पश्चिमी यमुना नहर से गोवंश के अवशेष बरामद हुए। मंगलवार को धमंहेड़ी गांव के पास 7 गोवंश के अवशेष मिले थे, जिसके बाद बुधवार को फिर से 5 अवशेष मिलने की खबर ने आग में घी का काम किया। इस घटना से लोगों का धैर्य जवाब दे गया और सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने इंद्री कोर्ट गेट के सामने करनाल स्टेट हाईवे पर धरना देकर बैठ गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
भारी पुलिस बल तैनात, एसडीएम और डीएसपी ने संभाली कमान
सड़क जाम की सूचना मिलते ही इंद्री के डीएसपी सतीश गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती दौर में प्रदर्शनकारी किसी की भी सुनने को तैयार नहीं थे और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। स्थिति बिगड़ती देख इंद्री के एसडीएम अनिल यादव को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे वार्ता की। गौरक्षा दल के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र में गोतस्करी और गोकशी की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
24 घंटे की डेडलाइन और लिखित आश्वासन पर खुला जाम
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गौरक्षा दल के कार्यकर्ता मोनू ने चेतावनी दी कि अगर अगले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने असली गुनहगारों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो वे फिर से सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि पश्चिमी यमुना नहर के किनारे पुलिस की गश्त 24 घंटे सुनिश्चित की जाए ताकि ऐसी वारदातों पर लगाम लग सके। प्रशासन द्वारा इन मांगों पर विचार करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही, करीब दो घंटे की जद्दोजहद के बाद जाम खोला गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, टीमों का गठन
एसडीएम अनिल यादव ने बताया कि अब तक कुल 12 गोवंश के अवशेष बरामद हुए हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। डीएसपी सतीश गौतम ने भरोसा दिलाया कि इलाके के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस दोषियों के काफी करीब है और किसी भी सूरत में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती जारी है।