Search

करनाल में खौफनाक वारदात: स्कूटी सवार युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, टांगों में दागीं 4 गोलियां

Apr 20, 2026 1:01 PM

करनाल। सीएम सिटी करनाल एक बार फिर गोलियों की गड़गड़ाहट से दहल उठा है। शहर के कर्ण विहार क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक युवक को सरेआम निशाना बनाया। घायल युवक की पहचान उज्ज्वल उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो पेशे से शीशे का काम करता है।

वारदात उस समय हुई जब उज्ज्वल अस्पताल में दाखिल अपने एक रिश्तेदार की खबर लेकर स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था। हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाके की परवाह किए बिना इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

पहले शिनाख्त की, फिर बरसाईं गोलियां

वारदात का तरीका किसी फिल्मी पटकथा जैसा नजर आता है। उज्ज्वल के मामा रमेश कुमार ने बताया कि जब उनका भांजा रास्ते में था, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोका। बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से पहले सिगरेट सुलझाने के लिए लाइटर मांगा।

जैसे ही उज्ज्वल रुका, हमलावरों ने मोबाइल में एक फोटो दिखाई और जब उन्हें यकीन हो गया कि यही मोनू है, तो बिना वक्त गंवाए पिस्टल निकालकर उसकी टांगों पर फायरिंग शुरू कर दी। उज्ज्वल की टांगों में चार गोलियां लगी हैं, जिससे वह वहीं गिरकर तड़पने लगा।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, पुरानी रंजिश का शक

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 32-33 थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी निरंजन सिंह ने बताया कि घटनास्थल से खोल बरामद किए गए हैं और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के घरों व दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

हालांकि, परिजनों का दावा है कि उज्ज्वल की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन पुलिस का मानना है कि जिस तरह फोटो दिखाकर शिनाख्त की गई, उससे यह मामला पुरानी रंजिश या 'कॉन्ट्रैक्ट शूटिंग' का भी हो सकता है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!