करनाल एनकाउंटर: पुलिस की गोली से घायल हुआ मोस्ट वांटेड गगन, नहर की पटरी पर हुई मुठभेड़
Apr 24, 2026 11:14 AM
करनाल। करनाल के मधुबन थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम गोलियों की गूंज से दहशत फैल गई। सीआईए-1 की टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि कर्ण विहार फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी गगन स्कूटी पर सवार होकर आवर्धन नहर की पटरी से अपने गांव रांवर की तरफ जा रहा है। पुलिस ने जब घेराबंदी कर उसे सरेंडर करने को कहा, तो खुद को घिरा देख बदमाश ने आपा खो दिया। आरोपी ने भागने की फिराक में पुलिस टीम पर सीधे फायर झोंक दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली गगन की टांग में लगी और वह स्कूटी समेत जमीन पर आ गिरा।
उज्ज्वल उर्फ मोनू पर किया था कातिलाना हमला
पकड़ा गया आरोपी गगन शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर आरोप है कि बीते 19 अप्रैल को उसने अपने साथी विशाल जनजोतरा के साथ मिलकर कर्ण विहार निवासी उज्ज्वल उर्फ मोनू को निशाना बनाया था। उज्ज्वल जब अस्पताल से लौट रहा था, तब इन आरोपियों ने बाइक से पीछा कर उसे रोका और पहचान पक्की करने के बाद अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं। इस हमले में उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज अभी भी चल रहा है। पुलिस इस मामले में गगन की सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
प्योंत टोल कांड से भी जुड़े हैं तार
जांच में यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि इस गैंग का आतंक केवल करनाल शहर तक सीमित नहीं था। गगन का साथी विशाल, जिसने हाल ही में निसिंग पुलिस के सामने सरेंडर किया है, प्योंत टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग में भी शामिल था। 1 अप्रैल की रात इन बदमाशों ने टोल बैरियर तोड़ते हुए दहशत फैलाने के लिए गोलियां चलाई थीं। सीआईए की टीमें अब इन दोनों आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करने की तैयारी में हैं, ताकि जिले में सक्रिय संगठित अपराध के पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया जा सके।
पुलिस का कड़ा रुख, रंजिश की भी जांच
फिलहाल घायल बदमाश गगन को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत खतरे से बाहर है। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। पुलिस कप्तान के निर्देश पर सीआईए-1 और सीआईए-3 की टीमें इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इस गैंग को हथियार कहां से सप्लाई हो रहे थे और उज्ज्वल पर हमले के पीछे की असली रंजिश क्या थी। इस मुठभेड़ ने साफ कर दिया है कि करनाल पुलिस अब अपराधियों को 'ठोकने' के मूड में है।