Search

बच्चों की जान से खिलवाड़: करनाल में नशे में टल्ली मिला स्कूल बस ड्राइवर, ग्रामीणों ने घेरा

Apr 07, 2026 2:42 PM

करनाल। हरियाणा के करनाल से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो किसी भी माता-पिता की रूह कंपा देने के लिए काफी है। शहर के प्रतिष्ठित 'श्रीराम ग्लोबल स्कूल' की बस का एक चालक मासूम बच्चों की जिंदगी को दांव पर लगाकर सड़क पर मौत का तांडव करने निकला था। गनीमत रही कि गांव दाहा रोड के सजग ग्रामीणों ने समय रहते खतरे को भांप लिया, वरना महेंद्रगढ़ जैसे किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति हो सकती थी। ग्रामीणों ने बस को बीच रास्ते में रुकवाकर जब ड्राइवर से पूछताछ की, तो उसकी जुबान लड़खड़ा रही थी और वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था।

"चंडीगढ़ से पीकर आया हूं..." बेखौफ ड्राइवर का कबूलनामा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में घटनास्थल का पूरा ड्रामा कैद हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि बस के पास ग्रामीण और सहमे हुए बच्चे खड़े हैं। जब एक शख्स ने बस चालक से सख्ती से पूछा कि उसने शराब कहां पी, तो ड्राइवर ने बड़ी बेबाकी और बेशर्मी से जवाब दिया— "चंडीगढ़ से पीकर आया हूं।" ड्राइवर का यह कबूलनामा सुनकर वहां मौजूद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ड्राइवर की हालत इतनी खराब थी कि उसे यह भी होश नहीं था कि उसके पीछे की सीटों पर मासूम बच्चे बैठे हैं, जिनके भविष्य की जिम्मेदारी उसके हाथों में थी।

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, निजी गाड़ियों से घर पहुंचे बच्चे

बस रुकवाने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत एहतियात बरतते हुए सभी बच्चों को नीचे उतारा। बच्चों के चेहरे पर डर साफ देखा जा सकता था। स्कूल प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होते देख, एक स्थानीय व्यक्ति ने जिम्मेदारी उठानी तय की और अपनी निजी गाड़ी से बच्चों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बस थोड़ी दूर और चलती तो दाहा रोड के मोड़ पर कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

स्कूल प्रबंधन की चुप्पी और अभिभावकों का फूटा गुस्सा

इस घटना ने स्कूल बसों की सुरक्षा और फिटनेस जांच के दावों की पोल खोल दी है। गुस्साए अभिभावकों का सवाल है कि क्या स्कूल से बस निकलते वक्त ड्राइवर की ब्रीथ एनालाइजर (Breathe Analyzer) जांच नहीं की गई? ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की है कि ऐसे लापरवाह ड्राइवरों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल, पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और ग्रामीण बस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!