करनाल में आंधी का कहर: 200 खंभे गिरे, 40 लाख का नुकसान; 20 कॉलोनियों में रातभर छाया रहा अंधेरा
May 05, 2026 4:30 PM
करनाल। रविवार देर रात धर्मनगरी और आसपास के इलाकों में आए कुदरत के कहर ने शहर की बिजली व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते जिले का विद्युत ढांचा ताश के पत्तों की तरह ढह गया, जिससे 20 से अधिक मुख्य कॉलोनियों में 10 घंटे से भी ज्यादा समय तक 'ब्लैकआउट' जैसी स्थिति बनी रही। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) को इस प्राकृतिक आपदा के कारण करीब 40 लाख रुपये का वित्तीय फटका लगा है।
कुदरत का तांडव: 10 किलोमीटर तक बिखरीं तारें
आंधी की रफ्तार इतनी भीषण थी कि जिलेभर में 200 से अधिक बिजली के खंभे उखड़कर जमीन पर आ गिरे। आलम यह रहा कि लगभग 10 किलोमीटर लंबी बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई इलाकों में भारी-भरकम पेड़ गिरने से तारें टूट गईं, जिससे न केवल आपूर्ति ठप हुई, बल्कि कई मुख्य मार्ग भी यातायात के लिए बाधित हो गए। लोग पूरी रात उमस और अंधेरे के बीच जूझते नजर आए।
युद्ध स्तर पर जारी है मरम्मत: 25 टीमें मैदान में
बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता नसीब सिंह ने हालात की गंभीरता को देखते हुए मोर्चा संभाला। उन्होंने बताया कि जिले में 60 से अधिक छोटे-बड़े फाल्ट दर्ज किए गए हैं। सुबह होते ही 25 से अधिक तकनीकी टीमों को अलग-अलग फीडरों पर तैनात किया गया। नसीब सिंह ने जानकारी दी, "हमारी प्राथमिकता अस्पतालों, जलघरों (Water Works) और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आपूर्ति बहाल करने की थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। टूटे हुए खंभों को बदलने और उलझी हुई लाइनों को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।" उन्होंने आश्वासन दिया कि देर शाम तक प्रभावित सभी क्षेत्रों में बिजली सुचारू कर दी जाएगी।
इन इलाकों में मची त्राहि-त्राहि
आपूर्ति बाधित होने का सबसे ज्यादा असर सेक्टर-6, 7, 9, और 12 के साथ-साथ मॉडल टाउन, दयाल सिंह कॉलोनी, कुंजपुरा रोड और प्रेम नगर में देखा गया। इसके अलावा रामनगर, शिव कॉलोनी, बसंत विहार, इंद्री रोड, जाटल रोड, कमालपुर, कर्ण विहार और न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में भी लोग सुबह पानी और बिजली के लिए तरसते दिखाई दिए।
भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों तक बिजली गुल रहने से इन्वर्टर भी जवाब दे गए, जिससे जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया। फिलहाल, बिजली कर्मचारी चिलचिलाती धूप में खंभे खड़े करने और तारों को जोड़ने की मशक्कत में जुटे हैं।