Search

नारनौल में सनसनी: पत्नी ने चाकू से रेत दिया पति का गला, पिता के सामने फर्श पर तड़पकर थमी सांसें

Jun 15, 2026 12:37 PM

नारनौल (सोनल यादव)  हरियाणा के नारनौल में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।  सुरानी गांव में एक महिला ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब पूरा परिवार घर पर ही मौजूद था। आरोपी महिला अपने पति को लहुलूहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गई। चीख-पुकार सुनकर जब तक बुजुर्ग पिता कमरे में दाखिल हुआ, बेटा फर्श पर खून से लथपथ तड़प रहा था और कुछ ही पलों में उसने दम तोड़ दिया।

दो साल पहले ही बंधा था शादी का बंधन; दोनों का था दूसरा विवाह

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सुरानी गांव के रहने वाले रामकुमार ने बताया कि उनके 31 साल के बेटे शशिकांत की शादी साल 2023 में गुरुग्राम जिले के गांव मऊ लोकरी की रहने वाली सरस्वती के साथ हुई थी। यह शशिकांत और सरस्वती दोनों का ही दूसरा विवाह था। दोनों का करीब दो साल का एक बेटा भी है। शुरुआत में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच मनमुटाव रहने लगा था, जो शनिवार को इस कदर बढ़ा कि एक हंसता-खेलता परिवार तबाह हो गया।

खाने की मेज पर शुरू हुई थी कहासुनी, कमरे में जाते ही उठा लिया खौफनाक कदम

बुजुर्ग पिता रामकुमार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि शनिवार को शशिकांत जब काम से घर लौटा, तो उसकी पत्नी सरस्वती ने उसे खाना परोसा और खुद कमरे में चली गई। इसी बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। रामकुमार ने बीच-बचाव करते हुए बेटे को नहाकर आराम करने की सलाह दी और खुद खाना खाने बैठ गए। लेकिन कुछ ही देर बाद कमरे से दोबारा झगड़े की तेज आवाजें आने लगीं। जब तक रामकुमार कमरे के दरवाजे पर पहुंचते, सरस्वती हाथ में खून से सना चाकू फेंककर घर से बाहर भाग चुकी थी।

सीन ऑफ क्राइम की टीम ने जुटाए सबूत; आरोपी महिला की तलाश में दबिश

कमरे के भीतर का नजारा बेहद खौफनाक था; शशिकांत अपनी कटी हुई गर्दन पर हाथ रखे बैठा था और चारों तरफ खून फैल रहा था। रामकुमार जब तक मदद के लिए बाहर चिल्लाते और वापस लौटते, शशिकांत फर्श पर गिर चुका था और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सदर थाना नारनौल के प्रभारी धर्मबीर पुलिस टीम और सीन ऑफ क्राइम (forensic) एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया है और आरोपी पत्नी सरस्वती के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!