Search

कुरुक्षेत्र में शर्मनाक: डेथ सर्टिफिकेट के बहाने लिया आशा वर्कर का नंबर, फिर WhatsApp पर भेजी अश्लील फोटो

Jun 15, 2026 2:35 PM

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जो सरकारी महकमे में फील्ड में काम करने वाली महिला कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। शाहाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में तैनात आशा वर्कर को गांव के ही एक सिरफिरे युवक द्वारा सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी की बदतमीजी इस कदर बढ़ गई कि उसने सारी हदें पार करते हुए महिला के वॉट्सएप पर अपनी बेहद आपत्तिजनक तस्वीरें भेज दीं। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है।

डेथ सर्टिफिकेट के बहाने लिया था नंबर; फिर शुरू किया प्रताड़ना का सिलसिला

शाहाबाद थाना प्रभारी (SHO) जगदीश टामक ने मामले की परतों को खोलते हुए बताया कि इस घिनौनी हरकत के पीछे की कहानी कुछ समय पहले शुरू हुई थी। दरअसल, आरोपी सतविंद्र सिंह की माता का कुछ समय पूर्व देहांत हो गया था। चूंकि पीड़ित महिला गांव की आशा वर्कर है, इसलिए वह नियमानुसार मृतक महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र (Death Certificate) तैयार करवाने के सिलसिले में आरोपी के घर गई थी। इसी दौरान कागजी कार्रवाई और संपर्क के बहाने आरोपी सतविंद्र ने बड़ी चालाकी से आशा वर्कर का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। नंबर हाथ लगते ही आरोपी ने उसे अपनी जागीर समझ लिया और आए दिन महिला को परेशान करना शुरू कर दिया।

कई बार दी गई थी चेतावनी, पर हरकतों से बाज नहीं आया आरोपी

पीड़ित आशा वर्कर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि ड्यूटी के चलते उसे रोजाना गांव में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग करनी पड़ती है। इसी का फायदा उठाकर सतविंद्र अक्सर उसके रास्ते में आ खड़ा होता और आते-जाते फब्तियां कसता था। महिला ने लोक-लाज और दोनों परिवारों के आपसी संबंधों का हवाला देते हुए आरोपी को कई मर्तबा सख्त लहजे में सुधरने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन आरोपी के सिर पर अजीबो-गरीब सनक सवार थी।

9 जून की दोपहर पार हुईं मर्यादा की सारी सीमाएं; पुलिस ने दर्ज किया केस

मर्यादा की दीवार तब पूरी तरह ढह गई जब बीती 9 जून को दोपहर करीब 3:28 बजे आशा वर्कर के फोन पर एक वॉट्सएप मैसेज फ्लैश हुआ। महिला ने जैसे ही चैट बॉक्स खोला, वह अंदर तक दहल गई। आरोपी ने उसे अपने प्राइवेट पार्ट की अश्लील फोटो भेजी थी। इस घिनौनी हरकत से आहत और मानसिक तनाव से जूझ रही पीड़िता ने तुरंत उस मैसेज का स्क्रीनशॉट लिया और घर पहुंचकर अपने पति व परिजनों को पूरी बात बताई। परिवार के सहयोग से मामला थाने पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी सतविंद्र को हवालात की हवा खिला दी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!