Search

Archana Gupta BJP: अर्चना गुप्ता की नियुक्ति महिलाओं के नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: हरिओम अग्रवाल

May 30, 2026 4:20 PM

पिहोवा (अभिषेक पूर्णिमा) भारतीय जनता पार्टी द्वारा सांगठनिक फेरबदल के तहत अर्चना गुप्ता को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के फैसले का हरियाणा के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में व्यापक स्वागत हो रहा है। विशेष रूप से अग्रवाल समाज इस नियुक्ति को समाज और संगठन दोनों के लिए एक नई शुरुआत के तौर पर देख रहा है। पिहोवा पहुंचे भारतीय दूरसंचार विभाग के सदस्य व भाजपा के कद्दावर नेता हरिओम अग्रवाल ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में इस फैसले की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने एक जमीनी और कर्मठ महिला नेत्री पर भरोसा जताकर कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का जताया आभार

हरिओम अग्रवाल ने इस दूरदर्शी फैसले के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व सहित हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से योग्यता और समर्पण को प्राथमिकता देती आई है। अर्चना गुप्ता को संगठन के शीर्ष पायदान पर लाना यह साबित करता है कि पार्टी में हर वर्ग और विशेषकर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस फैसले से न केवल अग्रवाल समाज का गौरव बढ़ा है, बल्कि समूचे प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं में एक नया जोश देखने को मिल रहा है।

आधी आबादी को मुख्यधारा में लाने की कोशिश, संगठन को मिलेगी नई धार

इस नियुक्ति के दूरगामी राजनीतिक और सामाजिक फायदों को रेखांकित करते हुए हरिओम अग्रवाल ने कहा कि अर्चना गुप्ता की यह पदोन्नति हरियाणा की सियासत में महिलाओं के बढ़ते कदमों का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके कुशल सांगठनिक अनुभव का लाभ पार्टी को आगामी दिनों में मिलेगा। उनके नेतृत्व में भाजपा की जनहितैषी और कल्याणकारी नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी, जिससे आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूती और गति मिलेगी।

पिहोवा में सजेगा सम्मान समारोह, तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता

अग्रवाल समाज की इस खुशी को और अधिक यादगार बनाने के लिए पिहोवा में एक बड़े आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। हरिओम अग्रवाल ने बताया कि अर्चना गुप्ता के सम्मान में पिहोवा की पवित्र धरा पर जल्द ही एक भव्य और ऐतिहासिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अभिनंदन कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और प्रबुद्धजीवियों के साथ-साथ भाजपा के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी, स्थानीय नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। इस आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!