बाबैन मार्केट कमेटी में लगा जन कल्याण शिविर, 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' की उपलब्धियों पर चर्चा
Jun 19, 2026 2:36 PM
लाडवा (विजय कौशिक) लाडवा और बाबैन के सीमावर्ती इलाके में केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक विशेष कवायद शुरू की गई है। बाबैन की मार्केट कमेटी के सभागार में आयोजित जन कल्याण शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी ने सरकार की उपलब्धियों का खाका जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के आर्थिक विकास, आंतरिक व बाहरी सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को बहाल करने का जो संकल्प लिया था, वह आज धरातल पर साकार हो रहा है। पिछले 12 वर्षों के भीतर इन सभी मोर्चों पर ऐसे ऐतिहासिक काम हुए हैं, जिसने वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ाया है।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर बढ़ रहे आगे
शिविर का विधिवत उद्घाटन करने के बाद कैलाश सैनी ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि जनहित की योजनाओं का लाभ कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति तक बिना किसी अड़चन के मिलना चाहिए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 तक देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान पर डगमगा रही थी, लेकिन मजबूत आर्थिक नीतियों के बूते आज भारत चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की राह पर है। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर 'विकसित भारत-2047' के विजन को पूरा करने में जुटी हैं।
रक्षा क्षेत्र में परावलंबन खत्म, निर्यात में बढ़ा देश का ग्राफ
राष्ट्रीय सुरक्षा के मसले पर बोलते हुए सीएमओ प्रभारी ने कहा कि एक दौर था जब भारत अपनी सेनाओं की छोटी-मोटी जरूरतों और रक्षा उपकरणों के लिए पूरी तरह विदेशी मुल्कों पर निर्भर रहता था। आज 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान ने इस तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है। अब भारत न सिर्फ आधुनिक सैन्य तकनीक और हथियार खुद बना रहा है, बल्कि दूसरे देशों को इनका निर्यात भी कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी बुनियादी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन कदमों ने देश के करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने का काम किया है।
स्थानीय नेता और प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस जन कल्याण शिविर के दौरान स्थानीय स्तर पर भी अच्छा-खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन जसविंदर जस्सी, सचिव गुरमीत सैनी, सरपंच संजीव सिंह गोल्डी, गुरविंदर सिंह, बख्तावर सिंह, गुरदेव सिंह और रिंकू शर्मा सहित इलाके के कई गणमान्य लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी स्टॉलों पर पहुंचकर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां हासिल कीं।