पहाड़ों में थके तीर्थयात्रियों को मिलेगा मुफ्त भोजन और इलाज, पिहोवा से रवाना हुई सेवादल की विशेष टीम
Jun 01, 2026 3:52 PM
पिहोवा (अभिषेक पूर्णिमा)। उत्तराखंड की देवभूमि में शुरू हो चुकी चार धाम और श्री हेमकुंड साहिब की पावन यात्रा में इस बार भी हरियाणा के सेवादारों का समर्पण देखने को मिलेगा। मां धारी देवी की असीम अनुकंपा से श्री संगमेश्वर मंदिर सेवादल (शाखा इस्माईलाबाद) ने अपनी परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष के तीसरे विशाल भंडारे की तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को संस्था की ओर से खाद्य सामग्री, बर्तन और जरूरी दवाइयों से भरे वाहनों के काफिले को पूरी धार्मिक रीती-नीति के साथ पर्वतीय क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस पुनीत कार्य की शुरुआत गुरु गोरखनाथ धाम के व्यवस्थापक योगी तेजनाथ जी महाराज की देखरेख और सेवादल के प्रबंधक भूषण गौतम की अगुवाई में हुई।
संतों की प्रेरणा और सेवादारों का हौसला
इस मौके पर अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी और मंदिर के सचिव महंत विश्वनाथ गिरी के आशीर्वाद संदेश को सांझा करते हुए प्रबंधक भूषण गौतम ने कहा कि बाबा केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब के दुर्गम रास्तों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना ही संस्था का परम लक्ष्य है। पहाड़ों की कठिन चढ़ाई और बदलते मौसम के बीच भूखे को अन्न और थके हुए को आसरा देना सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने बताया कि यह तीसरा मौका है जब इतनी बड़े स्तर पर सामग्री भेजी जा रही है, जहां श्रद्धालुओं के लिए रहने और शुद्ध सात्विक भोजन का प्रबंध पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
सिर्फ भोजन ही नहीं, सेहत का भी रखा जाएगा ख्याल
इस बार के सेवा शिविर में एक विशेष बदलाव किया गया है। ऊंचाई पर जाने वाले यात्रियों को होने वाली सांस की तकलीफ, बदन दर्द और मामूली चोटों को ध्यान में रखते हुए सेवादल ने अपने साथ दवाइयों का बड़ा जत्था और प्राथमिक उपचार की किट भी भेजी है। इस्माईलाबाद ब्रांच के सदस्य पिछले कई वर्षों से इस पूरी व्यवस्था को अपनी देखरेख में संचालित कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर भी जब कभी किसी धार्मिक या सामाजिक आयोजन की बात आती है, तो यह टीम हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी नजर आती है।
रवानगी के वक्त भावुक और उत्साही हुए श्रद्धालु
सचिवालय और मुख्य बाजार के पास से जब ट्रकों का यह काफिला गुजारा, तो पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। स्थानीय लोगों ने भी खड़े होकर सेवादारों का हौसला बढ़ाया। इस सेवा यात्रा को सफल बनाने में जुटे प्रधान अश्विनी धीमान, उपप्रधान कुलयश राज, सचिव मुकेश कुमार और खजांची सन्नी आहूजा ने बताया कि टीम के सदस्य वहां पहुंचकर 3 जून से ही मोर्चा संभाल लेंगे।
जत्थे की विदाई के समय चिरंजीव गर्ग, पार्षद हर्षवीर नैन, भूप्पी नैन, प्रशांत शर्मा, संजय कुमार, महक स्वालिया, सौरभ, विजय कुमार, मलकीत, सतीश सैनी, सुनील कोमल, संजीव कुमार, बलबीर शर्मा, महक राज, दुर्गेश और चेतन सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने इस परोपकारी कार्य के लिए सेवादल को शुभकामनाएं दीं।