Search

धर्मनगरी से भक्ति का सफर: CM सैनी ने कुरुक्षेत्र से नांदेड़ साहिब के लिए विशेष ट्रेन को दी हरी झंडी

May 05, 2026 5:42 PM

कुरुक्षेत्र। ट्रेन को रवाना करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का दिन गुरु संगत और हरियाणा के लिए बेहद पावन और खुशी का दिन है। उन्होंने कहा, "कुरुक्षेत्र और श्री नांदेड़ साहिब को जोड़ने वाली यह विशेष ट्रेन महज एक रेलगाड़ी नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक धारा के अटूट प्रवाह का प्रतीक है।" मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सिख इतिहास के महान योद्धा महाराज सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया के जन्मदिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और त्याग का इतिहास हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।

धार्मिक विरासतों का संरक्षण और संवर्धन

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि किस तरह श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित सिक्के और डाक टिकट जारी किए गए थे। सीएम ने श्रद्धालुओं से भावुक अपील करते हुए कहा, "जब आप गुरु के दर पर माथा टेकें, तो अपने परिवार के साथ-साथ हरियाणा की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए भी अरदास करें। गुरु साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेकर लौटें।"

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा: अयोध्या के बाद अब नांदेड़ साहिब

हरियाणा सरकार की 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत यह दूसरी बड़ी पहल है। इससे पहले 28 मार्च को अयोध्या धाम के लिए भी विशेष ट्रेन भेजी गई थी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि तीर्थ यात्रा का यह सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा। उन्होंने एलान किया कि आगामी 15 मई को सिरसा से भी सचखंड श्री हजूर साहिब के लिए एक विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु गुरु चरणों में हाजिरी लगा सकें।

संस्थानों के जरिए गुरुओं को सम्मान

संबोधन के दौरान सीएम सैनी ने प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में कई शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और सड़कों के नाम गुरु साहिबानों के नाम पर रखे गए हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सकें। ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं के चेहरे पर एक अलग ही उत्साह और भक्ति का भाव था। बुजुर्गों और महिलाओं ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि उनके लिए यह यात्रा किसी सपने के सच होने जैसी है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!