कुरुक्षेत्र हैंड ग्रेनेड केस में बड़ा मोड़, दूसरे चाइनीज बम की तलाश में एसटीएफ की रात-दिन छापेमारी
May 16, 2026 12:45 PM
कुरुक्षेत्र। हरियाणा को दहलाने की विदेशी साजिश के भंडाफोड़ के बाद अब जांच एजेंसियों के सामने एक नया और बेहद गंभीर संकट खड़ा हो गया है। शाहाबाद में स्कोडा कार के अंदर से मिले चाइनीज हैंड ग्रेनेड मामले में गिरफ्तार गैंगस्टर सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा एसटीएफ को लगातार छका रहा है। आज शनिवार को उसका पुलिस रिमांड खत्म हो रहा है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी एसटीएफ की टीमें दूसरे हैंड ग्रेनेड और उसे ले जाने वाले संदिग्ध का पता नहीं लगा पाई हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जब तक दूसरा ग्रेनेड बरामद नहीं हो जाता, तब तक अंबाला और कुरुक्षेत्र पर मंडरा रहा बड़ा खतरा टला नहीं माना जा सकता।
'मुझे तो एक ही मिला था'— नोनी राणा की कहानी पर एसटीएफ को शक
पूछताछ के दौरान नोनी राणा बेहद शातिराना तरीके से एक ही रटी-रटाई कहानी दोहरा रहा है। उसने जांच टीम को बताया कि उसे विदेश में बैठे हैंडलर्स से मैसेज मिला था कि एक ईंट भट्ठे के पास दो हैंड ग्रेनेड रखे हैं, जिनमें से उसे सिर्फ एक उठाना था। उसका दावा है कि जब वह तय ठिकाने पर पहुंचा, तो वहां पहले से ही सिर्फ एक ही ग्रेनेड मौजूद था और दूसरा कोई और ले जा चुका था। एसटीएफ को अंदेशा है कि नोनी जानबूझकर अपने उस साथी को बचाने के लिए यह मनगढ़ंत कहानी सुना रहा है, जिसे दूसरा बम सौंपा गया था।
सीसीटीवी और डंप डेटा खंगाल रही टीमें, कोर्ट से दोबारा मांगेंगे रिमांड
नोनी राणा की इस चालाकी के कारण अभी तक उस सटीक जगह की निशानदेही भी नहीं हो सकी है, जहां यह विदेशी हथियारों की खेप ड्रॉप की गई थी। आरोपी ने जिन संभावित रास्तों और इलाकों का जिक्र किया है, एसटीएफ वहां के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही उस दौरान एक्टिव मोबाइल नंबरों के डंप डेटा की भी तकनीकी जांच की जा रही है। लखबीर लांडा गैंग के विदेशी हैंडलर्स सागर सैनी (अंबाला) और प्रगट (कुरुक्षेत्र) के इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एसटीएफ आज शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश कर उसका रिमांड बढ़वाने की पूरी तैयारी कर चुकी है।