Search

हरियाणा में आज इनेलो का बड़ा हल्लाबोल, कुरुक्षेत्र में खुद सड़क पर उतरेंगे अभय चौटाला

Jun 01, 2026 11:04 AM

कुरुक्षेत्र। हरियाणा की सियासत में सोमवार को बड़ी तपिश देखने को मिलने वाली है। पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों, बेकाबू महंगाई और सरकारी विभागों में फैले भ्रष्टाचार को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने सरकार के खिलाफ सीधे तौर पर आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। पार्टी सोमवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एक साथ सड़कों पर उतरकर बड़ा हल्लाबोल करने जा रही है। कुरुक्षेत्र में होने वाले मुख्य प्रदर्शन में खुद इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला मौजूद रहेंगे, जो कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए लघु सचिवालय पहुंचेंगे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।

बजट बिगाड़ रही तेल की खेल, खेती-किसानी संकट में

इनेलो का सीधा आरोप है कि ईंधन के दामों में जो लगातार बढ़ोतरी हो रही है, उसने सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्ग के पेट पर लात मारने का काम किया है। डीजल महंगा होने की वजह से ढुलाई बढ़ गई है, जिससे सब्जी, राशन से लेकर हर जरूरत की चीज के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि एक तरफ गृहणियों के लिए रसोई चलाना दूभर हो गया है, तो दूसरी तरफ महंगा डीजल हरियाणा के किसानों की खेती की लागत को लगातार बढ़ा रहा है, जिससे किसान कर्ज के दलदल में धंसता जा रहा है।

जिलावार नेताओं को जिम्मेदारी, सड़कों पर दिखेगा जनआक्रोश

इस प्रदर्शन को महज एक रस्म अदायगी न बनाकर इनेलो इसे जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी में है। इसके लिए बाकायदा प्रदेशभर में वरिष्ठ नेताओं की ड्यूटियां लगाई गई हैं ताकि हर जिले में भारी भीड़ जुटाई जा सके। पार्टी का दावा है कि यह सिर्फ राजनीतिक प्रदर्शन नहीं है, बल्कि सरकार की विफलताओं से त्रस्त आ चुकी जनता का गुस्सा है जो सोमवार को सड़कों पर दिखाई देगा। रोजगार के अभाव में भटकते युवाओं और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही सरकारी योजनाओं के मुद्दे पर भी विपक्ष सरकार को पूरी तरह बेनकाब करने की रणनीति बना चुका है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!