कुरुक्षेत्र न्यूज़: रिटायर्ड बैंक कर्मी से ₹29.50 लाख ठगने वाला दूसरा शातिर अमृतसर से गिरफ्तार
May 16, 2026 3:01 PM
कुरुक्षेत्र। ऑनलाइन निवेश और मोटी कमाई का लालच देकर लोगों की गाढ़ी कमाई उड़ाने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ कुरुक्षेत्र पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पिहोवा निवासी एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी से लाखों रुपये ऐंठने के मामले में जांच आगे बढ़ाते हुए कुरुक्षेत्र साइबर थाना पुलिस ने पंजाब के अमृतसर में दबिश देकर वरुण गुलेरिया नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में दूसरी बड़ी गिरफ्तारी है, जिससे साफ है कि इस नेक्सस के तार पंजाब के अलग-अलग जिलों से जुड़े हुए हैं।
गूगल सर्च से शुरू हुआ था जालसाजी का चक्रव्यूह, मुनाफे का लालच देकर फंसाया
इस डिजिटल ठगी की शुरुआत पिछले साल नवंबर में हुई थी। प्रोफेसर कॉलोनी पिहोवा के रहने वाले कृष्ण लाल ने गूगल पर शेयर मार्केट में निवेश की सामान्य जानकारी सर्च की थी। इसके कुछ ही दिनों बाद शातिरों ने उनका नंबर ट्रेस कर उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया। ग्रुप में नामी इन्वेस्टर्स के फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर बुजुर्ग का भरोसा जीता गया और मोबाइल में एक खास एप्लीकेशन डाउनलोड करवाकर वर्चुअल वॉलेट खुलवा दिया गया। शुरुआत में कृष्ण लाल को ऐप के स्क्रीन पर भारी मुनाफा दिखाया गया, जिसके लालच में आकर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 29 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने अपनी मूल रकम और फायदा निकालना चाहा, तो वह ब्लॉक हो गया और ठगों ने अपने फोन बंद कर लिए।
मोहाली से पकड़ा गया था पहला पार्टनर, कुरुक्षेत्र पुलिस खंगाल रही है पूरा नेटवर्क
धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित ने इस साल 8 जनवरी को कुरुक्षेत्र साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की टेक्निकल सेल ने खातों की कड़ियों को जोड़ते हुए सबसे पहले 11 मई को फिरोजपुर के रहने वाले चरणजीत सिंह को मोहाली से गिरफ्तार किया था। पहले आरोपी के पास से पुलिस को एक लैपटॉप, 6 एटीएम कार्ड, 4 बैंक पासबुक, 3 पैन कार्ड, 3 आधार कार्ड, 2 सिम, 2 मोबाइल और 49 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई थी। इसी आरोपी से मिली लीड के आधार पर अब अमृतसर के वरुण को दबोचा गया है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि इन दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने हरियाणा और पंजाब में और कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।