Search

व्यापारिक तनाव की भेंट चढ़ा एक और आढ़ती, दुकान पर ही निगला जहर; दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

May 03, 2026 11:08 AM

कुरुक्षेत्र (जग मार्ग)। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में व्यापारिक घाटे और प्रॉपर्टी के लेन-देन के मानसिक दबाव ने एक हंसते-खेलते परिवार को उम्र भर का गम दे दिया है। नई अनाज मंडी के आढ़ती राममेहर (42) ने शनिवार दोपहर अपनी दुकान पर संदिग्ध जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी समय से डिप्रेशन (मानसिक तनाव) के दौर से गुजर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।

अचानक बिगड़ी हालत, अस्पताल में थमीं सांसें

आकाश नगर निवासी राममेहर शनिवार को अपनी दुकान पर मौजूद थे। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने कोई जहरीली चीज खा ली, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन और आसपास के लोग उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर कर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

रिश्तेदारों ने बताया- प्रॉपर्टी को लेकर थे परेशान

मृतक के साले राजेश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बहन नीलम की शादी करीब 20 साल पहले राममेहर के साथ हुई थी। परिवार में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय से राममेहर अपने व्यापार और प्रॉपर्टी से जुड़े कुछ लेन-देन को लेकर मानसिक रूप से काफी टूट चुके थे। वह अक्सर इसी बात को लेकर गुमसुम और डिप्रेशन में रहते थे। राममेहर अपने पीछे दो बेटियां और पत्नी को छोड़ गए हैं।

इत्तफाकिया मौत की रिपोर्ट दर्ज

हादसे की सूचना मिलते ही थाना कृष्णा गेट के अधीन सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया। थाना प्रभारी (SHO) बलजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों ने किसी भी व्यक्ति पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। मृतक के रिश्तेदार राजेश कादियान के बयानों के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई अमल में लाई है। इस घटना के बाद नई अनाज मंडी के व्यापारियों में भी दुख का माहौल है और सभी ने राममेहर की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!