Search

कुरुक्षेत्र में थार का तांडव: डीजे पर विवाद के बाद युवक को कुचलकर मार डाला, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

Mar 30, 2026 2:03 PM

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के इस्माईलाबाद में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। जहाँ एक तरफ शादी की शहनाइयां बज रही थीं और लेडीज संगीत में मेहमान थिरक रहे थे, वहीं दूसरी तरफ मौत का एक खौफनाक मंजर तैयार किया जा रहा था। गांव खेड़ी शीश गराहं का रहने वाला युवक साहिल अपने किसी परिचित की शादी में शामिल होने आया था, लेकिन उसे क्या मालूम था कि यह उसका आखिरी सफर होगा। डीजे पर महज नाचने के दौरान हुई एक मामूली बहस का अंत इतना वीभत्स होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी।

सरेराह वारदात: पहले मारी टक्कर, फिर दोबारा ऊपर चढ़ा दी गाड़ी

चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, डीजे पर नाचने को लेकर साहिल की बहस गुरु गोबिंद सिंह कॉलोनी के दीपांशु से हुई थी। उस वक्त तो मामला शांत हो गया, लेकिन दीपांशु के सिर पर खून सवार था। रात के करीब एक बज रहे थे, साहिल अपने कुछ साथियों के साथ चम्मू चौक पर खड़ा था। तभी अचानक एक काले रंग की थार तेज रफ्तार में आई और सीधे साहिल को टक्कर मार दी। साहिल जमीन पर गिरकर तड़पने लगा, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा। उसने दुस्साहस दिखाते हुए दोबारा गाड़ी साहिल के ऊपर चढ़ा दी और उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया।

खुशियां बदलीं मातम में, जांच में जुटी पुलिस

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल साहिल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया। जिस आंगन में कुछ देर पहले मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब अपनों की सिसकियां सुनाई दे रही हैं। इस्माईलाबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का पक्ष और आगामी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी दीपांशु के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। थार गाड़ी और आरोपी की पहचान हो चुकी है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। शुरुआती जांच में यह साफ तौर पर आपसी रंजिश और गुस्से का मामला लग रहा है। पुलिस यह भी जांच रही है कि वारदात के समय थार में दीपांशु के साथ और कौन-कौन मौजूद था।

You may also like:

Please Login to comment in the post!