Search

कुरुक्षेत्र जेल में गैंगस्टर्स की हुक्का पार्टी: बंबीहा गैंग के गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो

Apr 11, 2026 11:07 AM

कुरुक्षेत्र। हरियाणा की कुरुक्षेत्र जेल से आई तस्वीरों ने प्रदेश के जेल प्रशासन और सुरक्षा तंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जेल की कालकोठरी में मोबाइल फोन पहुंचना तो दूर की बात थी, लेकिन यहाँ तो अपराधी बेखौफ होकर हुक्का गुड़गुड़ा रहे हैं और उसकी रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर रहे हैं। अंबाला पुलिस की एक ताजा रिपोर्ट ने इस पूरे काले खेल का पर्दाफाश किया है। रिपोर्ट के अनुसार, कुरुक्षेत्र जेल की बैरक के भीतर से न केवल फोटो खींची गईं, बल्कि वीडियो बनाकर उन्हें बकायदा गैंगस्टर के हैंडल से प्रमोट भी किया गया।

बंबीहा गैंग के गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर डाली 'जेल की रील'

इस पूरे मामले का मुख्य किरदार अंबाला के बलदेव नगर का रहने वाला दिलबर है, जो बंबीहा गैंग का सक्रिय गुर्गा बताया जा रहा है। दिलबर, जिस पर हत्या, लूट और फिरौती जैसे संगीन आरोप हैं, उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर जेल की अंदरूनी गतिविधियों के फोटो साझा किए। जांच में पता चला कि ये वीडियो और तस्वीरें 30 दिसंबर 2024 को अपलोड की गई थीं। दिलबर के साथी अंकित ढांडा ने भी इन वीडियो को अपनी आईडी से शेयर किया, जिससे यह साफ हो गया कि जेल के भीतर इंटरनेट और स्मार्टफोन की पहुंच किसी सामान्य सुविधा की तरह हो गई है।

अंबाला पुलिस की जांच में हुआ खुलासा

मामले की गंभीरता तब बढ़ गई जब अंबाला पुलिस ने सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान इन संदिग्ध पोस्ट्स को ट्रैक किया। पुलिस की टेक्निकल जांच में लोकेशन कुरुक्षेत्र जिला जेल की निकली। इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया है कि आखिर जैमर और कड़े पहरे के बावजूद जेल के भीतर हुक्का और मोबाइल कैसे पहुंच रहे हैं? क्या यह जेल कर्मचारियों की मिलीभगत है या फिर सुरक्षा चेकिंग में कोई बड़ा लूपहोल है, पुलिस अब इन तमाम पहलुओं पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है।

अपराधियों में कानून का खौफ खत्म!

हत्या और अपहरण जैसे मामलों में बंद इन अपराधियों का जेल के भीतर ठाठ-बाट देखना आम जनता के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। नियमानुसार जेल में मोबाइल ले जाना दंडनीय अपराध है, लेकिन गैंगस्टर्स के लिए ये नियम बेमानी साबित हो रहे हैं। जेल सूत्रों की मानें तो अब इस मामले में दोषी कैदियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ जेल वार्डन और सुरक्षाकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। फिलहाल, वायरल वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि जेल की सलाखें भी इन गैंगस्टर्स के नेटवर्क और शौक को रोकने में नाकाम हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!