Search

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर पशु अस्पताल में बड़ी चोरी, ताले तोड़कर माइक्रोस्कोप और टैगिंग मशीनें ले उड़े चोर

Jun 04, 2026 4:58 PM

ज्योतिसर। (पवन शर्मा) कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर इलाके में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे बेजुबान जानवरों के इलाज के लिए बने सरकारी अस्पतालों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ज्योतिसर स्थित पशु चिकित्सा अस्पताल में बीती रात चोरों ने बड़े आराम से पूरी वारदात को अंजाम दिया। घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस वक्त हुआ जब अस्पताल के प्रभारी और पशु चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार अपने तय समय पर ड्यूटी के लिए पहुँचे। डॉक्टर के मुताबिक, बाहर से देखने पर अस्पताल के मुख्य गेट का ताला सुरक्षित लगा हुआ था, जिससे पहली नजर में किसी अनहोनी का शक नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही उन्होंने ताला खोलकर भीतर प्रवेश किया, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

अंदर के कमरों और अलमारी का ताला तोड़ चुराए कीमती उपकरण

अस्पताल के भीतर सभी कमरों के दरवाजे आधे खुले हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जब डॉ. अनिल ने मुख्य केबिन में जाकर जांच की, तो वहां रखी लोहे की सरकारी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से सिर्फ उन्हीं उपकरणों को निशाना बनाया, जिनकी बाजार में अच्छी कीमत मिल सकती है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, चोरी गए उपकरणों की सूची इस प्रकार है:

एक कीमती माइक्रोस्कोप

एक बुडाजो कैस्ट्रेटर (पशुओं के बंध्याकरण का उपकरण)

आर्टी फोर्स के 3 महंगे सेट

पशुओं की ईयर-टैगिंग में काम आने वाली टैगिंग मशीन के 2 सेट

अन्य छोटे-बड़े पशु चिकित्सा उपकरण

डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि यह सारा सामान अस्पताल के रोजमर्रा के कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बीमार पशुओं के इलाज के लिए बेहद जरूरी था। इसके बिना फिलहाल अस्पताल का काम आंशिक रूप से प्रभावित हो गया है।

पुलिस ने शुरू की तफ्तीश, सीसीटीवी खंगालने की तैयारी

अस्पताल में इतनी बड़ी चोरी की सूचना तुरंत विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद डॉक्टर की तरफ से स्थानीय पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी गई। ज्योतिसर पुलिस चौकी के जांच अधिकारी (IO) कृष्णपाल ने बताया कि पुलिस को पशु चिकित्सक की ओर से शिकायत मिल चुकी है और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के मुताबिक, चोरों की पहचान के लिए अस्पताल के आसपास के रास्तों और ज्योतिसर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को दबोचकर चोरी का सामान बरामद कर लिया जाएगा।

You may also like:

Please Login to comment in the post!