HGPI चेयरमैन रजनीश बंसल की कोठी पर हमला, रंगदारी के लिए बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
Apr 16, 2026 2:29 PM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र का लाडवा इलाका शनिवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। लाडवा की अग्रवाल कॉलोनी में रहने वाले मशहूर शिक्षाविद् और हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन रजनीश बंसल की कोठी को निशाना बनाकर बदमाशों ने करीब 18 राउंड फायर किए। वारदात को अंजाम देकर हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज हमले ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आधी रात को हुआ 'मौत' का तांडव
मिली जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे जब पूरी कॉलोनी गहरी नींद में थी, तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश हमलावर रजनीश बंसल के घर के बाहर पहुंचे। बदमाशों ने बिना कोई मौका दिए घर की ओर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग इतनी जबरदस्त थी कि कोठी की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए और घर के मुख्य द्वार व दीवारों पर गोलियों के गहरे निशान बन गए। घटना के समय चेयरमैन का परिवार घर पर नहीं था। अंदर केवल उनका नौकर ओमप्रकाश सो रहा था, जो धमाकों की आवाज सुनकर सहम गया और डर के मारे बाहर नहीं निकला।
पड़ोसियों के आंगन में भी गिरे गोलियों के खोल
चेयरमैन के पड़ोसी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वह रात को घर पहुंचे ही थे कि अचानक तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं। शुरुआत में लगा कि शायद पटाखे चल रहे हैं, लेकिन जब बाहर निकलकर देखा तो मंजर डरावना था। वीरेंद्र के घर के आंगन में भी गोलियों के कई खाली खोल पड़े मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमलावरों ने किस बेखौफ अंदाज में गोलीबारी की। उन्होंने ही तुरंत पुलिस और बंसल परिवार को इसकी जानकारी दी।
रंगदारी का है पूरा मामला?
सूचना मिलते ही डीएसपी निर्मल सिंह और सीआईए की टीमें भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला सीधे तौर पर रंगदारी (Extortion) से जुड़ा नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि रजनीश बंसल को पहले भी कई बार धमकी भरे कॉल आ चुके हैं। इसी खतरे के मद्देनजर उन्हें चंडीगढ़-पंचकूला क्षेत्र में सुरक्षा भी मुहैया कराई गई है, लेकिन लाडवा स्थित उनके आवास पर उस वक्त कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
एसएचओ गुरनाम सिंह ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। रजनीश बंसल का हिमाचल के काला-अंब में बड़ा शिक्षण संस्थान है, जहां इंजीनियरिंग से लेकर लॉ तक के कोर्स कराए जाते हैं। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इस हमले के बाद शहर के व्यापारियों और प्रतिष्ठित हस्तियों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।