कुरुक्षेत्र में रूह कंपा देने वाली घटना: पत्नी पुलिस के पास पहुंची, पीछे से पति ने लगा ली फांसी
Apr 13, 2026 1:52 PM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में रिश्तों की तल्खी और नशे की लत ने एक और हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। सेक्टर-7 क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी से हुए मामूली विवाद के बाद मौत को गले लगा लिया। दिल दहला देने वाली बात यह है कि जब पति घर के भीतर चुन्नी का फंदा तैयार कर रहा था, तब उसकी पत्नी पुलिस चौकी में उसके खिलाफ मारपीट की शिकायत लिखवा रही थी। उसे अंदाजा भी नहीं था कि थाने से लौटकर उसे पति की सूरत नहीं, बल्कि उसकी लाश देखनी पड़ेगी।
शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद, मासूम बेटी को भी नहीं बख्शा
जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय गोविंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और यहां मजदूरी करता था। उसकी 21 वर्षीय पत्नी बिमला ने पुलिस को बताया कि वह कोठियों में साफ-सफाई का काम कर अपना घर चलाती है। सोमवार दोपहर जब वह काम से लौटी, तो गोविंद अपने पिता के साथ बैठकर शराब पी रहा था। जब बिमला ने दिन के वक्त शराब पीने पर ऐतराज जताया, तो गोविंद आगबबूला हो गया। नशे में धुत गोविंद ने न केवल बिमला को धमकाया, बल्कि अपनी मासूम बेटी की भी पिटाई कर दी।
डंडे से पीटा, तो इंसाफ मांगने थाने पहुंची पत्नी
बिमला ने जब गोविंद के हिंसक व्यवहार का विरोध किया और अपने पिता को फोन लगाया, तो गोविंद का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने डंडे से बिमला की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। पति के डर और लगातार हो रहे उत्पीड़न से तंग आकर बिमला पुलिस की मदद लेने के लिए सेक्टर-7 चौकी की ओर दौड़ पड़ी। उसे उम्मीद थी कि पुलिस की डांट-फटकार शायद उसके पति को सुधार देगी, लेकिन गोविंद ने पीछे से खौफनाक फैसला ले लिया।
दरवाजा तोड़ा तो पंखे से लटका मिला शव
चौकी से शिकायत देकर जब बिमला घर लौटी, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका के चलते उसने शोर मचाया और अपनी ननद व पड़ोसियों को इकट्ठा किया। जब जाली का दरवाजा तोड़कर लोग अंदर दाखिल हुए, तो सबके होश उड़ गए। गोविंद कमरे में लगे पंखे से चुन्नी के सहारे लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर तफ्तीश कर रही है।