Search

कुरुक्षेत्र: शहीद सूबेदार के परिवार के साथ बड़ी ठगी, कनाडा भेजने के नाम पर रिश्तेदार ने लूटे 6.5 लाख।

May 10, 2026 10:40 AM

कुरुक्षेत्र। रिश्तों की मर्यादा और इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला कुरुक्षेत्र के हिंगाखेड़ी गांव से सामने आया है। यहां देश की रक्षा करते हुए प्राण न्यौछावर करने वाले एक शहीद सूबेदार के परिवार को उनके ही एक करीबी रिश्तेदार ने ठगी का शिकार बना लिया। कनाडा भेजने का झांसा देकर आरोपी ने पीड़ित परिवार से साढ़े 6 लाख रुपये ऐंठ लिए और अब न तो वीजा हाथ लगा है और न ही पैसे वापस मिल रहे हैं।

शहादत के बाद कंधों पर आई थी जिम्मेदारी

गांव हिंगाखेड़ी के रहने वाले बलजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता कर्मजीत सिंह सेना में सूबेदार थे और जून 2022 में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे। पिता के जाने के बाद घर चलाने का जिम्मा बलजीत पर आ गया, जो पेशे से टैक्सी ड्राइवर हैं। बलजीत अपने छोटे भाई इंद्रजीत का भविष्य संवारना चाहते थे और उसे बेहतर जिंदगी के लिए विदेश भेजने की जुगत में थे। इसी मजबूरी और भरोसे का फायदा उनके एक करीबी रिश्तेदार ने उठाया।

मंत्रालय का 'फर्जी' अफसर बनकर आया रिश्तेदार

ठगी की यह स्क्रिप्ट सितंबर-अक्टूबर 2024 के आसपास बुनी गई। बलजीत की ताई का भांजा, अमानत सिंह (निवासी करनाल), उनके घर आया और खुद को विदेश मंत्रालय का बड़ा अधिकारी बताया। अमानत ने दावा किया कि उसकी पहुंच बहुत ऊपर तक है और वह दोनों भाइयों को 2 साल के वर्क परमिट पर कनाडा भिजवा देगा। इसके बदले उसने 20 लाख रुपये का सौदा तय किया और एक महीने के भीतर वीजा लगवाने की गारंटी दी।

फाइल और मेडिकल के नाम पर किस्तों में वसूली

अमानत की बातों में आकर बलजीत ने अपने और भाई के पासपोर्ट, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज उसे सौंप दिए। इसके बाद शुरू हुआ पैसों की उगाही का सिलसिला। आरोपी ने कभी वीजा चेकिंग, कभी फाइल प्रोसेसिंग, तो कभी एंबेसी फीस और मेडिकल के नाम पर बलजीत से साढ़े 6 लाख रुपये ऐंठ लिए। ठगी को असली जामा पहनाने के लिए आरोपी ने कई बार दोनों भाइयों को दिल्ली भी बुलाया, लेकिन हर बार फिंगरप्रिंट या कागजी कार्रवाई का बहाना बनाकर उन्हें वापस भेज दिया जाता।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

काफी समय बीत जाने के बाद जब न वीजा आया और न ही आरोपी ने संतोषजनक जवाब दिया, तो बलजीत को ठगी का एहसास हुआ। जब पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। अब इस मामले में कुरुक्षेत्र की झांसा थाना पुलिस ने आरोपी अमानत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

You may also like:

Please Login to comment in the post!