Search

कुरुक्षेत्र की सड़कों पर 'नशा मुक्ति' की गूंज: अहिल्याबाई चौक से बस्ती तक निकाली पैदल यात्रा

May 06, 2026 4:09 PM

कुरुक्षेत्र।  धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को नशे के जाल से बचाने के लिए हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में ब्यूरो की ओर से शहर के संवेदनशील इलाकों में एक दिवसीय सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आगाज रेलवे रोड स्थित अहिल्याबाई चौक से एक विशाल पैदल यात्रा के साथ हुआ, जो शौरगिर बस्ती और आसपास के मोहल्लों से होकर गुजरी। इस दौरान 'नशा भगाओ, जीवन बचाओ' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

समाजसेवियों और संस्थाओं ने मिलाया खाकी से हाथ

यह अभियान केवल पुलिसिया कार्यवाही तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी भी दिखी। ब्यूरो के पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में वात्सल्य वाटिका के संचालक स्वामी हरिओम दास परिव्राजक ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बस्ती के लोगों और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी छिन्न-भिन्न कर देता है। वहीं, प्रयास फाउंडेशन के प्रधान नरेश सैनी और सदस्य भारतेन्दु हरीश ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ा खतरा बताया।

पुलिस की अपील: 'मुखबिर' बनें, पहचान रहेगी गुप्त

नारकोटिक्स ब्यूरो का मुख्य जोर नशा तस्करी की सप्लाई चेन को तोड़ने पर रहा। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि यदि वे अपने आस-पास नशा बिकते या तस्करी होते देखते हैं, तो इसकी सूचना तुरंत साझा करें। उन्होंने नेशनल हेल्पलाइन नंबर 1933 और हरियाणा एनसीबी के विशेष नंबर 90508-91508 का प्रचार किया। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, ताकि आम आदमी बिना किसी डर के नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सके।

You may also like:

Please Login to comment in the post!