Search

कुरुक्षेत्र सड़क हादसा: पिहोवा में तेज रफ्तार कार ने किसान को कुचला, दो बेटियों के पिता की मौत

May 15, 2026 11:44 AM

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के पिहोवा इलाके में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात ढांड रोड पर हुए एक भीषण एक्सीडेंट में 44 वर्षीय किसान सुरेंद्र सिंह की मौत हो गई। गांव बटेड़ी के रहने वाले सुरेंद्र अपने जीजा रिशपाल के साथ खेतों की ओर जा रहे थे, तभी काल बनकर आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगते ही सुरेंद्र बाइक समेत कई फीट दूर जाकर गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ बड़ा हादसा

जानकारी के मुताबिक, पिहोवा के भारत नगर निवासी रिशपाल सिंह ने बताया कि रात करीब सवा आठ बजे वे और उनके साले सुरेंद्र सिंह अलग-अलग वाहनों पर खेतों की तरफ निकल रहे थे। सुरेंद्र अपनी बाइक पर आगे चल रहे थे, जबकि रिशपाल अपनी स्कूटी पर उनके ठीक पीछे थे। जैसे ही वे अरनैचा नहर के पुल के पास पहुंचे, पीछे से एक अनियंत्रित कार आई। कार चालक ने पहले रिशपाल की स्कूटी को बेहद करीब से ओवरटेक किया और फिर अपना संतुलन खोते हुए आगे जा रहे सुरेंद्र की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।

इकलौता कमाने वाला था सुरेंद्र, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुरेंद्र सिंह पेशे से किसान थे और अपनी व अपने जीजा की जमीन ठेके पर लेकर खेती करते थे। वे अपने परिवार में इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव बटेड़ी में शोक की लहर दौड़ गई है। सुरेंद्र अपने पीछे पत्नी कुलविंद्र कौर और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं, जिनके भविष्य पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद सुरेंद्र को पिहोवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी चालक की तलाश में जुटी पुलिस

सदर थाना पिहोवा पुलिस ने रिशपाल सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार का नंबर (HR41N-6138) कब्जे में ले लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपी चालक हादसे के बाद अपनी कार लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।


You may also like:

Please Login to comment in the post!