Search

पिहोवा में दर्दनाक सड़क हादसा: खेतों पर जा रहे किसान को कार ने मारी टक्कर, जीजा के सामने तोड़ा दम

May 16, 2026 2:40 PM

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र के पिहोवा इलाके में रफ्तार के जुनून ने एक और हंसते-खेलते परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है। भारत नगर पिहोवा के रहने वाले रिशपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार की रात वह अपने साले सुरेंद्र सिंह (44) के साथ गांव बटेड़ी में स्थित खेतों पर जा रहे थे। दोनों ने इस बार जमीन ठेके पर ली थी और रात के वक्त फसलों की देखभाल के लिए निकले थे। सुरेंद्र अपनी बाइक पर आगे-आगे चल रहे थे, जबकि रिशपाल अपनी स्कूटी से उनके ठीक पीछे थे। जैसे ही दोनों अरनेचा नहर के पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक काल बनकर आई कार ने उन्हें ओवरटेक किया और सीधे सुरेंद्र की बाइक में पीछे से भीषण टक्कर मार दी।

एक्सीडेंट के बाद नीचे उतरा चालक, भीड़ जुटती देख गाड़ी भगा ले गया

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेंद्र मोटरसाइकिल समेत कई फीट दूर घिसटते चले गए और उनके सिर व छाती में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कार चालक ने कुछ दूरी पर ब्रेक लगाए और गाड़ी से उतरकर मौके पर भी आया। लेकिन घायल की गंभीर हालत और मौके पर राहगीरों की इकट्ठा होती भीड़ को देखकर उसके हाथ-पांव फूल गए। आरोपी चालक मौका पाकर अपनी कार सहित वहां से रफूचक्कर हो गया। खून से लथपथ सुरेंद्र को उनके जीजा ने राहगीरों की मदद से तुरंत पिहोवा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, आरोपी की तलाश में पुलिस

इस आकस्मिक मौत के बाद से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज 44 साल की उम्र में दुनिया छोड़ गए सुरेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी कुलविंदर कौर और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। सरकारी अस्पताल से मिली रुक्के (सूचना) के आधार पर सदर थाना पिहोवा पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार का नंबर (HR41N-6138) पुलिस के पास है, जिसके जरिए गाड़ी के मालिक और हादसे के वक्त उसे चला रहे अज्ञात ड्राइवर की पहचान की जा रही है।

You may also like:

Please Login to comment in the post!