कुरुक्षेत्र के पिपली को सौगात: 22 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन और 24 करोड़ से सुधरेगी पानी की सप्लाई
Jun 05, 2026 11:56 AM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र नगर परिषद की सीमा में शामिल हुए पिपली और बीड़ पिपली के बाशिंदों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने इन उपेक्षित इलाकों की सूरत बदलने के लिए कमर कस ली है। लंबे समय से सीवरेज और साफ पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे इन क्षेत्रों के लिए विभाग ने एक व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस मेगा प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरते ही करीब 50 हजार से ज्यादा की आबादी को नारकीय जीवन और जल संकट से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
22 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन का जाल, खुले नालों से मिलेगा छुटकारा
परियोजना के विवरण के मुताबिक, पिपली, बीड़ पिपली, लाडवा रोड की नई कॉलोनियों के साथ-साथ जिला जेल और पुलिस लाइन जैसे प्रमुख सरकारी परिसरों को कवर करते हुए लगभग 22 हजार मीटर (22 किलोमीटर) लंबी सीवर लाइन डाली जाएगी। इसमें जलभराव की स्थिति को भांपते हुए 200 एमएम से लेकर 700 एमएम तक के भारी-भरकम पाइपों का इस्तेमाल होगा। अब तक इन इलाकों में पुख्ता सीवरेज सिस्टम न होने के कारण घरों का गंदा पानी खुले नालों में बहता था, जो अक्सर ओवरफ्लो होकर गलियों में फैल जाता था। नई पाइपलाइन बिछने के बाद गंदा पानी सीधे अंडरग्राउंड रास्तों से बाहर निकलेगा।
खेड़ी मारकंडा एसटीपी तक पहुंचेगा पानी, बढ़ेगी पंपिंग स्टेशन की क्षमता
इलाके के ढलान और भौगोलिक स्थिति को देखते हुए विभाग ने सीवर के पानी की निकासी का भी पूरा खाका खींचा है। कॉलोनियों से निकलने वाला गंदा पानी भूमिगत पाइपों के जरिए पहले पुलिस लाइन स्थित पंपिंग स्टेशन पहुंचेगा। बढ़ते लोड को देखते हुए इस पंपिंग स्टेशन की क्षमता को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके बाद, करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी एक और मुख्य लाइन के जरिए इस पानी को खेड़ी मारकंडा में बने 12.5 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पर्यावरण को भी कोई नुकसान न पहुंचे।
पुरानी पाइपलाइनें बदली जाएंगी, लगेंगे तीन नए ट्यूबवेल
सीवर के साथ-साथ इलाके में मीठे पानी की सप्लाई दुरुस्त करने के लिए भी विभाग 24 करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है। इस बजट से शहर और नव-विकसित क्षेत्रों में करीब 70 किलोमीटर लंबी नई पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। हरि नगर, कॉमरेड कॉलोनी, कुबेर कॉलोनी, दीदार नगर और आकाश नगर जैसे इलाकों में जहां पहली बार पाइपलाइन पहुंचेगी, वहीं वशिष्ठ कॉलोनी, शांति नगर और अमीन रोड की दशकों पुरानी जर्जर और लीकेज वाली पाइपलाइनों को उखाड़कर नया ढांचा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा, गर्मियों में पानी की किल्लत न हो, इसके लिए हरि नगर और पिपली में तीन नए सबमर्सिबल ट्यूबवेल भी धंसाए जाएंगे।
टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में, पखवाड़े भर में शुरू होगा काम
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कागजी कार्रवाई और तकनीकी मंजूरियों का दौर पूरा हो चुका है। दोनों ही बड़ी परियोजनाओं के लिए बकायदा टेंडर जारी कर दिए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 15 से 20 दिनों के भीतर ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर अलॉट कर मौके पर खुदाई और पाइप बिछाने का काम शुरू करवा दिया जाएगा। स्थानीय पार्षदों और मौजिज लोगों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है।