Search

कुरुक्षेत्र में निजी बस संचालकों की गुंडागर्दी: पास दिखाने पर छात्राओं से बदसलूकी, आरटीओ दफ्तर पहुंचे आक्रोशित छात्र

May 02, 2026 2:23 PM

कुरुक्षेत्र (जग मार्ग)। हरियाणा सरकार और परिवहन विभाग के आदेश फाइलों में ही दबे नजर आ रहे हैं, कम से कम कुरुक्षेत्र की सड़कों पर दौड़ती प्राइवेट बसों का हाल देखकर तो यही लगता है। प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी इस कदर बढ़ गई है कि वे न तो सरकार के नियमों को मान रहे हैं और न ही छात्र-छात्राओं के रियायती पास को। शनिवार को इस समस्या ने तब बड़ा रूप ले लिया जब परेशान छात्राओं और एएसएपी (ASAP) छात्र संगठन के प्रतिनिधियों ने बस अड्डे पर संचालकों से सीधी बात की, लेकिन संतोषजनक जवाब के बजाय उन्हें दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा।

सरेराह अपमान: बस से उतार दी जाती हैं छात्राएं

छात्र नेता भारत बराड़, शुभम राणा और अनिकेत सिंह की अगुवाई में आरटीओ अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। भारत बराड़ ने कहा कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थी पास सभी बसों में मान्य होंगे, चाहे वह रोडवेज की हो या प्राइवेट। इसके बावजूद कुरुक्षेत्र में 'निजी बस माफिया' इन आदेशों को ठेंगे पर रख रहा है। छात्राओं का आरोप है कि जैसे ही वे बस में पास दिखाती हैं, कंडक्टर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। हद तो तब हो जाती है जब पास होने के बावजूद उन्हें बीच रास्ते में बस से उतरने पर मजबूर कर दिया जाता है।

अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल

विद्यार्थियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब नियम साफ हैं, तो इनका उल्लंघन करने वालों पर लगाम क्यों नहीं कसी जा रही? छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर कोई बस संचालक या कंडक्टर बदसलूकी करता है, तो छात्र इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। संगठन ने पीड़ित छात्राओं से अपील की है कि वे ऐसी हर घटना की तुरंत रिपोर्ट करें ताकि कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मामला तूल पकड़ता देख आरटीओ अधिकारी ने विद्यार्थियों के प्रतिनिधिमंडल को शांत किया और भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार को जिले के सभी प्राइवेट बस मालिकों की एक आपात बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में उन्हें कड़े निर्देश दिए जाएंगे कि वे सरकार के आदेशों का पालन करें और छात्रों के पास को तुरंत प्रभावी ढंग से लागू करें। अधिकारी ने यह भी कहा कि जिन बस कंडक्टरों की शिकायत मिली है, उनके खिलाफ विभागीय जांच के बाद सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


You may also like:

Please Login to comment in the post!