कुरुक्षेत्र रेल हादसा: नरवाना लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, बाजू कटी
May 11, 2026 10:07 AM
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में नरवाना रेल मार्ग पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रैक के बीचों-बीच एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव देखा गया। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआती तफ्तीश से साफ जाहिर होता है कि व्यक्ति किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि मृतक का एक हाथ धड़ से अलग हो गया था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने आसपास के रिहायशी इलाकों और रेलवे कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पहचान के लिए 'महाकाल' लिखी टी-शर्ट ही सहारा
मृतक की शिनाख्त पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। जांच अधिकारी और जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला है, जिससे उसका नाम या पता मालूम चल सके। हुलिए के आधार पर बताया गया है कि व्यक्ति ने संतरी (भगवा) रंग की टी-शर्ट पहन रखी है, जिस पर 'जय महाकाल' का प्रिंट है और नीचे भूरे रंग का लोअर है। पुलिस ने इस हुलिए के आधार पर जिले के सभी थानों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में सूचना साझा कर दी है।
72 घंटों के लिए मोर्चरी में रखवाया शव
कानूनी प्रक्रिया के तहत जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर उसे कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल भेज दिया है। नियमानुसार, अज्ञात शव को 72 घंटों तक शिनाख्त के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा जाता है। पुलिस आसपास के गांवों में मुनादी करवाने और गुमशुदगी की पुरानी शिकायतों को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि मृतक आसपास के किसी गांव का हो सकता है या फिर सफर के दौरान ट्रेन से गिरने या ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हुआ है।