खुशियां मातम में बदलीं: बहन की शादी में भात भरने जा रहे युवक की हादसे में मौत, टक्कर के बाद बाइक बनी आग का गोला
May 02, 2026 11:14 AM
कुरुक्षेत्र (जग मार्ग)। नियति का खेल भी कितना अजीब है, जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं और बहन की शादी की रस्में निभाई जा रही थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा पसरा है। कुरुक्षेत्र जिले के ढांड रोड पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने करनाल के घरौंडा निवासी 30 वर्षीय फिरोज खान की जिंदगी छीन ली। हादसा इतना खौफनाक था कि पिकअप की टक्कर के बाद फिरोज की मोटरसाइकिल में आग लग गई और देखते ही देखते बाइक लोहे के ढांचे में तब्दील हो गई।
भात की रस्म से पहले ही टूट गई सांसों की डोर
जानकारी के मुताबिक, फिरोज खान अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए घरौंडा की बजाज कॉलोनी से कुरुक्षेत्र के बारना गांव जा रहा था। परिवार के अन्य सदस्य पहले ही गांव पहुंच चुके थे और फिरोज को रस्मों के लिए 'भात' लेकर पहुंचना था। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही वह खानपुर रोड़ान गांव के बस अड्डे के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप (HR65A 0321) ने मौत का तांडव मचा दिया।
ओवरटेक करने की सनक ने ली जान
चश्मदीदों और मृतक के भाई हनीफ के अनुसार, पिकअप चालक किसी अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी आपाधापी में उसने सामने से आ रही फिरोज की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही फिरोज उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसे सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, घर्षण या पेट्रोल टैंक फटने की वजह से बाइक में तुरंत आग लग गई। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। एलएनजेपी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पीछे छोड़ गया दो मासूमों का परिवार
फिरोज खान प्रॉपर्टी वैल्यूएशन के काम से अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। उसकी मौत ने दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया है। वह अपने पीछे 3 साल की बेटी नायरा और महज 1 साल के बेटे अयान को छोड़ गया है। इस घटना के बाद से ही घरौंडा और बारना गांव में गमगीन माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपनी पिकअप गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भागने में सफल रहा। ज्योतिसर चौकी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है। जांच अधिकारी एएसआई जोधा राम ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के जरिए मालिक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होगा।