Search

साहिल हत्याकांड: थार से कुचलने वाला मुख्य आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार, रोंगटे खड़े कर देगी कत्ल की कहानी

Apr 12, 2026 1:30 PM

कुरुक्षेत्र।  कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद में मानवता को शर्मसार करने वाले साहिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी दीपांशु को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीमें वारदात के बाद से ही आरोपी का पीछा कर रही थीं, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए हरिद्वार की वादियों में छिपकर बैठा था। कुरुक्षेत्र पुलिस ने तकनीकी इनपुट और मुखबिरों की मदद से जाल बिछाकर उसे धर दबोचा। इस्माइलाबाद पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है, ताकि हत्या में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी और अन्य साक्ष्यों को बरामद किया जा सके।

डीजे से शुरू हुआ विवाद, हाईवे पर बदल गया कत्ल में

इस खौफनाक कहानी की शुरुआत 29 मार्च की रात एक शादी समारोह से हुई। मृतक साहिल, जो करीब दो साल बाद अमेरिका से अपने घर लौटा था, अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ खुशियां मना रहा था। उसी समारोह में गांव का ही दीपांशु भी मौजूद था। डीजे पर नाचने और अपनी पसंद का गाना लगवाने को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। उस वक्त तो लोगों ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दीपांशु के दिल में रंजिश की आग सुलग रही थी। रात करीब 12:40 बजे जब साहिल अपने साथियों के साथ चम्मू चौक के पास खड़ा था, तभी दीपांशु ने अपनी काली थार से उसे जोरदार टक्कर मार दी।

"अच्छा बच गया"... और फिर तीन बार चढ़ा दी गाड़ी

साहिल के जीजा शैमिन पंजरथ ने जो आंखों देखा हाल बयां किया, वह किसी फिल्म के विलेन से भी ज्यादा डरावना है। शिकायत के मुताबिक, पहली टक्कर के बाद दीपांशु ने थार रोकी और शीशा नीचे कर साहिल की ओर देखा। जब शैमिन ने उसे टोका, तो आरोपी ने ठंडे दिमाग से कहा- "अच्छा बच गया"। इसके बाद उसने गाड़ी पीछे ली और तड़पते हुए साहिल के ऊपर तीन बार थार चढ़ा दी। इस बर्बरता के बाद साहिल ने अंबाला के निजी अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया।

जांच के घेरे में मददगार और हथियार बनी थार

पुलिस ने इस मामले में दीपांशु की मदद करने वाले सोमनाथ नाम के एक एजेंट को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोप है कि सोमनाथ ने ही फरारी के दौरान दीपांशु को छिपने के ठिकाने और पैसे मुहैया कराए थे। थाना प्रभारी जगदीश कुमार का कहना है कि अब मुख्य आरोपी से पूछताछ कर इस जघन्य हत्याकांड की हर कड़ी को जोड़ा जा रहा है। अमेरिका में रहकर बेहतर भविष्य के सपने देखने वाले साहिल की इस तरह हुई हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। परिजनों की बस एक ही मांग है- हत्यारे को ऐसी सजा मिले जो नजीर बन जाए।

You may also like:

Please Login to comment in the post!